भाखड़ा-ब्यास इम्पलाईज यूनियन की भूख हड़ताल 10वें दिन में प्रवेश, मांगें पूरी न होने पर दी आमरण अनशन की चेतावनी
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 17 जनवरी 2025। भाखड़ा-ब्यास इम्पलाईज यूनियन (एटक-ऐफी) द्वारा अपनी मांगों के समर्थन में शुरू की गई क्रमिक भूख हड़ताल आज 10वें दिन में प्रवेश कर गई। यह प्रदर्शन बीबीएमबी मुख्यालय, सेक्टर 19-बी के सामने जारी है। यूनियन के नंगल शाखा से हरवंत सिंह, सुशील कुमार और रूपलाल तलवाड़ा ने भूख हड़ताल का नेतृत्व किया।
सुंदरनगर के साथियों को जूस पिलाकर हड़ताल से उठाया गया और नए भूख हड़ताली साथियों को माला पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। यूनियन के उप महासचिव रुपलाल धीमान और अन्य सहयोगियों ने इस दौरान एकजुटता का प्रदर्शन किया।
यूनियन ने क्या कहा?
यूनियन के प्रधान अशोक कुमार शर्मा ने कहा कि बोर्ड अध्यक्ष द्वारा कर्मचारियों की उचित मांगों और समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की अनदेखी के कारण कर्मचारियों को इस भीषण ठंड में भूख हड़ताल पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
कामरेड काबुल सिंह ने प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं, तो 20 दिन बाद क्रमिक भूख हड़ताल को आमरण अनशन में बदल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी बीबीएमबी प्रशासन और बोर्ड अध्यक्ष पर होगी।
मांगें और संघर्ष का ऐलान
यूनियन ने बीबीएमबी प्रशासन से कर्मचारियों की वेतन विसंगतियों, पदोन्नति में देरी, और अन्य बकाया मांगों को जल्द से जल्द हल करने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती।
प्रदर्शनकारियों की एकजुटता
इस क्रमिक भूख हड़ताल में नंगल, सुंदरनगर और अन्य शाखाओं के कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं। भूख हड़ताल स्थल पर कर्मचारियों के समर्थन के लिए हर दिन अलग-अलग शाखाओं से प्रतिनिधि पहुंच रहे हैं।
यूनियन ने बीबीएमबी प्रशासन से तुरंत संवाद शुरू करने और समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने की अपील की है।
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →