अमिताभ बच्चन ने हाथ जोड़कर फैंस से मांगी माफी
मुंबई, 19 सितंबर, 2024 :
अमिताभ बच्चन बिग बी ने गुरुवार को एक वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने अपने फैंस से माफी मांगी है। दरअसल, अमिताभ ने कुछ दिनों पहले एक वीडियो में मराठी शब्द का गलत उच्चारण किया था, जिसकी जानकारी उनके दोस्त ने उन्हें दी और अब अमिताभ ने माफी मांग ली है। इसके साथ ही, उन्होंने सही शब्द का भी उच्चारण किया है।
अमिताभ बच्चन ने वीडियो में कहा, 'अभी कुछ दिन पहले मैंने एक वीडियो किया था कि मैं कचरा नहीं करूंगा। उसको मैंने मराठी में कहा था जिसमें कचरा शब्द का उच्चारण गलत हो गया था। मेरे दोस्त सुदेश भोंसले ने मुझे बताया कि आपने इस शब्द का उच्चारण गलत किया है। मैं वीडियो में अपनी गलती सुधार रहा हूं। मी कचरा करणार नाही। मैं कचरा नहीं करूंगा। आपका धन्यवाद।'
अमिताभ ने इंस्टाग्राम पोस्ट में हाथ जोड़कर माफी मांगने वाला इमोजी भी बनाया है। इस पोस्ट पर कुछ लोग भी यह कह रहे हैं कि वे भी कचरा नहीं करेंगे और करते भी नहीं हैं। बिग बी की एक फैन ने कमेंट किया कि शायद इसीलिए ही आप हम सबकी पसंद हैं सर। एक और फैन ने कहा कि अमित जी, आपको ढेर सारा प्यार। बिग बी की इस पोस्ट पर महज कुछ ही घंटों में दो लाख चालीस हजार से ज्यादा लाइक्स आ चुके हैं।
(के.के.)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →