किलोई की जनता पिछले 60 साल भूल जाएगी, भाजपा सरकार आने पर होगा अभूतपूर्व विकास : नायब सैनी
हरियाणा में तीसरी बार भाजपा का परचम लहराएगा, हुड्डा सरकार के 10 साल का हिसाब आज भी अधूरा : नायब सैनी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जन आशीर्वाद रैली में मांगा समर्थन, मंजू हुड्डा को विजयी बनाने की अपील की
कांग्रेस को 8 तारीख के बाद जनता आईसीयू में भेजने वाली है : सैनी
चंडीगढ़, 2 अक्टूबर2024। बुधवार को गढ़ी सांपला किलोई विधानसभा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भाजपा प्रत्याशी मंजू हुड्डा के समर्थन में आयोजित विशाल जन आशीर्वाद रैली में मंजू हुड्डा को अपना समर्थन और आशीर्वाद देने के लिए जनता से अपील की। रैली में मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव प्रचार अंतिम चरण में है और हरियाणा की जनता ने तय कर लिया है कि तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा की किलोई में भाजपा प्रत्याशी के जीतने के बाद किलोई के विकास के लिए जितना भी बजट आवश्यक होगा, वह दिया जाएगा और विकास के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए जाएंगे। इस मौके भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल, जिला अध्यक्ष रणवीर ढाका,सतीश शर्मा, कमल सिंह सैनी, वीर सिंह हुडा,प्रेम सिंह हुड्डा, श्रीमती आशा शर्मा समेत तमाम भाजपा नेता मंच पर उपस्थित रहे।
नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने लोगों के साथ धोखा किया है और झूठ बोलकर जनता को लूटा है। कांग्रेस के घोषणापत्र पर हमला करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने अपना झूठपत्र जनता के सामने रखा था। यही पत्र कांग्रेस ने हिमाचल, तेलंगाना और कर्नाटक में भी उतारा था और वहां झूठे वादे किए थे। लेकिन उन वादों को पूरा करने के बजाय बिजली की कीमतें बढ़ा दीं, महिलाओं को एक पैसा भी नहीं दिया और युवाओं को एक नौकरी भी नहीं दी। कांग्रेस ने अपनी चादर से ज्यादा पैर पसार लिए थे इसीलिए उनकी चादर अब फट चुकी है।
भाजपा ने सड़कों का विकास किया, इसीलिए रोड शो कर पा रहे हैं राहुल
कांग्रेस विधायकों के विवादित बयानों पर कटाक्ष करते हुए सीएम सैनी ने कहा कि कांग्रेस के विधायक कहते हैं कि बिना भ्रष्टाचार के सरकार नहीं चलती और चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस के नेता सबसे पहले अपना और अपने रिश्तेदारों का घर भरेंगे। श्री सैनी ने कहा कि 8 तारीख के बाद जनता कांग्रेस को बाहर का रास्ता दिखाने वाली है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जोरदार हमला करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी हरियाणा में पर्यटन करने के लिए आए हैं। भाजपा की सरकार ने पिछले 10 वर्षों में हरियाणा की सड़कों का विकास किया है, इसलिए राहुल गांधी हरियाणा में रोड शो कर रहे हैं। राहुल गांधी अपनी बहन को भी अपने साथ ले आए, लेकिन हरियाणा के लोगों को मलाल है कि वह अपने जीजा रॉबर्ट वाड्रा को साथ क्यों नहीं लाये।
अपने शासनकाल में युवाओं को नौकरियां क्यों नहीं देते थे हुड्डा
मुख्यमंत्री ने कहा कि हुड्डा साहब मुझसे हिसाब मांग रहे थे, इसलिए मैंने भी उनके 10 वर्षों के कार्यकाल से संबंधित उनसे कुछ प्रश्न पूछे थे, लेकिन 4 महीने हो गए और आज तक उन्होंने किसी भी प्रश्न का उत्तर नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि आज नौकरियों की बात करने वाले भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के हाथ किसने रोक रखे थे, उन्होंने अपने कार्यकाल में बेरोजगार युवाओं को नौकरियां क्यों नहीं दी? जबकि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने बिना किसी खर्ची और पर्ची के पारदर्शी तरीके से हरियाणा सरकार में नौकरी देने का काम किया है। राहुल गांधी से सवाल करते हुए उन्होंने कहा कि जब हरियाणा में कांग्रेस की सरकार थी, तब वह भी दिल्ली में सरकार में थे। राहुल गांधी को जवाब देना चाहिए की तब खर्ची-पर्ची की व्यवस्था क्यों चलती थी।
मंजू हुड्डा को विजयी बनाएं, क्षेत्र का विकास मेरी जिम्मेदारी : नायब सैनी
नायब सैनी ने जनता से अपील की कि वे प्रत्येक बूथ पर अपने पड़ोसियों और सगे-संबंधियों को साथ लेकर भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान करें। उन्होंने विश्वास जताया कि 5 तारीख को मतदान के बाद जब 8 तारीख को नतीजे घोषित होंगे, तब लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि किलोई की जनता ने भाजपा प्रत्याशी मंजू हुड्डा को आशीर्वाद देकर विजयी बनाया, तो वह इतना विकास करेंगे की किलोई की जनता पिछले 60 सालों को भूल जाएगी। उन्होंने किलोई की जनता को आश्वासन दिया की तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद प्रति माह एक दिन किलोई की जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनने का काम करेंगे।
महिलाओं, किसानों और गरीबों सहित भाजपा करेगी प्रदेश का चहुँमुखी विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीसरी बार भाजपा सरकार बनने के बाद माताओं और बहनों को प्रति माह ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत 2100 रुपए दिए जाएंगे और 500 रुपए में गैस का सिलेंडर मुहैया करवाया जाएगा। किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने 24 फसलें एमएसपी पर खरीदने का निर्णय लेकर हरियाणा को देश में ऐसा करने वाला पहला राज्य बना दिया है। किसान के खर्चों को कम करने के लिए फसलों के नुकसान के समय में किसानों के खाते में प्रति एकड़ ₹2000 पहुंचने का काम किया है। 8 तारीख के बाद धान की फसल 3100 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीदी जाएगी। 1 लाख 80 हजार रुपए से कम आय वाले परिवारों के घरों की छत पर 2 किलोवाट के सोलर पैनल लगाए जाएंगे जिससे उनका बिजली बिल जीरो हो जाएगा और उसका पूरा खर्च सरकार वहन करेगी। 8 तारीख के बाद भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 5 लाख नए घर बनाएगी। मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना के तहत पहले चरण में 14 शहरों के 15 हजार 630 लोगों 30 गज का प्लॉट देने का काम भाजपा सरकार ने किया है।
आधी रात में भी जनता के लिए खुले हैं मुख्यमंत्री आवास के दरवाजे
कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बाप-बेटे, जो हिसाब मांगते हुए घूम रहे हैं, हरियाणा की जनता उन्हें 8 तारीख के बाद हिसाब देने का काम करेगी, जिससे 8 तारीख के बाद कांग्रेस आईसीयू में भर्ती हो जाएगी, क्योंकि कांग्रेस ने गरीब व्यक्तियों का शोषण किया है। उन्होंने बताया की एक दिन रात के 1 बजे रोहतक के कुछ युवा उनसे मिलने आए थे, उन्होंने कहा कि वे सिर्फ ये देखने आए थे कि मैं अपने वादे के अनुसार रात में लोगों की समस्याएं सुनने के लिए मिलता हूँ अथवा नहीं। वे संतुष्ट होकर गए और इसी प्रकार कभी भी आवश्यकता पड़ने पर जनता आधी रात में भी मुख्यमंत्री आवास पर आ सकती है।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →