हरियाणा CM नायब सैनी पहुंचे नूरमहल आश्रम
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को पंजाब के नूरमहल स्थित दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के मुख्य आश्रम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान के संस्थापक एवं संचालक आशुतोष महाराज जी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विभिन्न सामाजिक, आध्यात्मिक और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने संस्थान की ओर से चलाए जा रहे गौ-संरक्षण, जैविक खेती और पर्यावरण सुरक्षा जैसे प्रकल्पों को भारतीय संस्कृति और समाज सुधार की दिशा में मिसाल बताया। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संस्थान की ओर से संचालित ‘कामधेनु गौशाला’, जैविक कृषि और आयुर्वेदिक उत्पादों से जुड़ी गतिविधियों में विशेष रुचि दिखाई।
उन्होंने कहा कि यह संस्थान केवल आध्यात्मिक चेतना का प्रसार ही नहीं कर रहा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, देशी नस्ल की गायों के संवर्धन और जहर-मुक्त खेती को बढ़ावा देकर समाज के स्वास्थ्य और संस्कृति की रक्षा में भी योगदान दे रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान आध्यात्मिक जागरूकता के साथ-साथ सामाजिक उत्थान और जनकल्याण के क्षेत्र में जो कार्य कर रहा है, वह सराहनीय है।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →