Himachal Breaking: Gunfire by Tourist in Kasol Leaves Youth Injured; Four Held: कुल्लू के मशहूर पर्यटक स्थल कसोल में सैलानी ने सरेआम चलाई गोली; युवक घायल, चार आरोपी हिरासत में, (https://drive.google.com/file/d/1JsKb_0FfwbUr_QJFp9o04SGEhDczCDn1/view?usp=drivesdkदेखें वीडियो)
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू 30 मई 2026। जिला कुल्लू के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कसोल में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब कुछ पर्यटकों द्वारा कथित रूप से एक स्थानीय युवक पर गोली चलाने का मामला सामने आया। घटना में युवक की टांग में गोली लगी है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार गोली युवक की टांग में लगी, जिसके बाद वह घायल होकर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब कुछ लोग घायल युवक को पीठ पर उठाकर घटनास्थल से ले जा रहे थे, तब भी आरोपी युवकों ने पीछे से गोली चलाने का प्रयास किया। जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष देखा गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए पंजाब के चार युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है तथा घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पर्यटन स्थल कसोल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।फिलहाल घायल युवक का उपचार जारी है और चिकित्सक उसकी निगरानी कर रहे हैं। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →