Himachal Panchayat Election: पहले चरण के लिए कल थमेगा प्रचार, पहली बार गांव की सरकार चुनेंगे 52,349 युवा
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 23 मई 2026 : हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण के लिए कल प्रचार का शोर थम जाएगा। इसके बाद प्रत्याशी केवल घर-घर जाकर ही जनसंपर्क कर सकेंगे। पहले चरण में 26 मई को प्रदेश की 1280 पंचायतों के लिए मतदान होना तय हुआ है।
चुनाव को निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार और सोमवार को पोलिंग पार्टियों की अंतिम रिहर्सल होगी। इसके तुरंत बाद सभी टीमों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया जाएगा। मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के ठीक बाद, यानी मतदान के दिन ही प्रधान, उप-प्रधान और वार्ड पंच पदों की मतगणना होगी और नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।
पहले चरण के बाद अगले दौर के मतदान की तारीखें भी राज्य निर्वाचन आयोग ने तय कर रखी हैं। प्रदेश में दूसरे चरण का मतदान 28 मई को होगा, जिसमें 1258 पंचायतों में वोट डाले जाएंगे। इसके बाद, तीसरे और अंतिम चरण के तहत 30 मई को 1170 पंचायतों में मतदान प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जिला परिषद और पंचायत समिति के नतीजे 31 मई को घोषित होंगे।
पहली बार गांव की सरकार चुनेंगे 52,349 युवा
प्रदेश में नगर निकाय चुनाव के बाद अब पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव का बिगुल बज गया है। इस बार पंचायत चुनाव में युवा मतदाताओं की भागीदारी अहम रहने वाली है। चुनावों में 52,349 नए मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यह संख्या कुल मतदाताओं का 1.03 फीसदी है। प्रदेश में कुल 50,79,048 मतदाता पंचायत चुनाव में भाग लेंगे और गांव की सरकार चुनेंगे।
इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओं से अधिक है। जिलावार आंकड़ों के अनुसार कांगड़ा 11.90 लाख मतदाताओं के साथ सबसे बड़ा चुनावी जिला है, जबकि लाहौल-स्पीति 25,882 मतदाताओं के साथ सबसे छोटा। ग्राम पंचायतों की बात करें तो पांवटा साहिब की भाटावाली पंचायत में सबसे अधिक 4,623 मतदाता पंजीकृत हैं, जबकि पूह की सुमरा पंचायत में केवल 178 मतदाता हैं। वहीं, भाटावाली पंचायत के एक वार्ड में 723 मतदाता दर्ज किए गए हैं, जबकि विकास खंड मैहला की पंचायत करियां के वार्ड नंबर-8 में केवल 17 मतदाता पंजीकृत हैं। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →