Himachal : Accident On Chandigarh -Manali Highway : चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर पनारसा के समीप ट्रैवलर पलटी; पांच पर्यटक घायल, शीशे तोड़कर निकली सवारियां
बाबूशाही ब्यूरो
पनारसा (मंडी) 28 मई 2026 :
चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंडी जिला के पनारसा क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा पेश आया। यहां पर्यटकों से भरी एक ट्रैवलर गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में करीब पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को ट्रैवलर के शीशे तोड़कर बाहर निकाला गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रैवलर मनाली की ओर जा रही थी। पनारसा के समीप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद गाड़ी सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत राहत कार्य में जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि कुछ घायलों को बेहतर उपचार के लिए रेफर भी किया गया है।
हादसे के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहन को सड़क से हटाकर यातायात बहाल करवाया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार अथवा सड़क पर संतुलन बिगड़ना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि पर्यटन सीजन के चलते चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ा हुआ है। ऐसे में प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और पहाड़ी मार्गों पर गति नियंत्रित रखने की अपील की है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →