Himachal: चंडीगढ़-मनाली हाइवे पर हनोगी टनल में पर्यटकों के बीच मारपीट, हाईवे पर मचा हड़कंप, देखें वीडियो
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू/मंडी : 28 मई 2026 :
चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाइवे पर हनोगी के समीप स्थित टनल के भीतर पर्यटकों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद टनल क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और हाईवे पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।
जानकारी के अनुसार मनाली की ओर जा रहे पर्यटकों के दो समूहों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग टनल के भीतर ही आपस में भिड़ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों ओर से लात-घूंसे चले, जिससे मौके पर मौजूद अन्य पर्यटक भी सहम गए। घटना के दौरान हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, जबकि कई वाहन चालक टनल के भीतर रुकने को मजबूर हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत करवाया।
बताया जा रहा है कि मारपीट की वजह ओवरटेक और वाहन को रास्ता देने को लेकर शुरू हुआ विवाद था, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना में कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस ने संबंधित लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और टनल क्षेत्र में यातायात को सामान्य करवा दिया गया। प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान संयम बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार के विवाद से बचें, ताकि पर्यटन स्थल की छवि खराब न हो। (SBP)
https://drive.google.com/file/d/1dXW_fNNrquAkQd5OlqylV8cnUV7slFqC/view?usp=drivesdk
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →