Himachal: चंबा में बिना बारिश के धंसा निर्माणाधीन स्टेट हाईवे का हिस्सा, खोला के पास चनहाल खड्ड में समाई सड़क
बाबूशाही ब्यूरो
चंबा : 06 अगस्त 2026 :
सिहुंता-लाहड़ू निर्माणाधीन स्टेट हाईवे पर खोला के समीप बिना बारिश के ही सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस कर चनहाल खड्ड में समा गया। इस घटना के कारण मार्ग पर कुछ घंटों के लिए बड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। अचानक हुए इस भूस्खलन ने निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता और तकनीकी पहलुओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वैकल्पिक मार्ग से भेजे गए वाहन, पीडब्ल्यूडी ने बहाल किया रास्ता
सड़क धंसने के तुरंत बाद सुरक्षा की दृष्टि से इस मार्ग पर बड़े वाहनों को रोक दिया गया। इस दौरान बसों व अन्य वाहनों को वैकल्पिक मार्ग गरनोटा-मोतला से होकर अपने गंतव्य तक जाना पड़ा।
हालांकि, घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग ने तत्परता दिखाई और तुरंत मौके पर मशीनें लगाकर सड़क को अस्थायी रूप से बहाल कर दिया, जिसके बाद यातायात फिर से सुचारू हो सका।
नए डंगे के खिसकने से ढहा पुराना डंगा और सड़क
इस हादसे ने सड़क चौड़ीकरण कार्य की गुणवत्ता की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थान पहले से ही अति संवेदनशील था। सड़क के साथ जो पुराना डंगा (रिटेनिंग वॉल) बुधवार को ध्वस्त हुआ है, उसका निर्माण विभाग द्वारा कुछ वर्ष पहले करवाया गया था। वर्तमान में सड़क चौड़ीकरण के दौरान इसके नीचे एक नया डंगा बनाया गया था, जो कुछ ही समय में खड्ड की ओर खिसक गया। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →