HRTC : Him Bus Plus Card: अब हिम बस प्लस कार्ड से होगा रियायती सफर, जानिए कब बंद होंगे ग्रीन, स्मार्ट और सम्मान कार्ड
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 06 अगस्त 2026 :
हिमाचल प्रदेश में एचआरटीसी की बसों में सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए जल्द ही रियायती यात्रा की पूरी व्यवस्था बदलने जा रही है। वर्षों से चल रहे ग्रीन कार्ड, स्मार्ट कार्ड और सम्मान कार्ड अब इतिहास बनने वाले हैं। इनकी जगह परिवहन निगम हिम बस प्लस कार्ड लागू करने जा रहा है, जो एक ही कार्ड में किराया रियायत, डिजिटल भुगतान, कैशबैक और मल्टी-स्टेट यात्रा जैसी कई सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
परिवहन निगम ने इस नई व्यवस्था का प्रस्ताव सरकार को भेज दिया है। स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) मंजूर होते ही पुराने तीनों कार्डों का नया पंजीकरण बंद कर दिया जाएगा।
हालांकि जिन यात्रियों के पास पहले से ग्रीन, स्मार्ट या सम्मान कार्ड हैं, वे उनकी एक वर्ष की वैधता पूरी होने तक पहले की तरह रियायती यात्रा करते रहेंगे। इसके बाद केवल हिम बस प्लस कार्ड ही मान्य होगा। नई व्यवस्था के तहत 365 रुपए वार्षिक सदस्यता शुल्क देकर यात्री पूरे वर्ष एचआरटीसी की बसों में किराए पर पांच से 15 प्रतिशत तक की छूट प्राप्त कर सकेंगे।
सबसे बड़ी बात यह है कि यह सुविधा केवल हिमाचल तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि निगम की बाहरी राज्यों में संचालित बसों पर भी लागू होगी। एचआरटीसी की बसों में प्रतिदिन पांच लाख से अधिक और हर महीने करीब 1.50 करोड़ यात्री सफर करते हैं।
ऑनलाइन पोर्टल तैयार
एचआरटीसी ने हिम बस प्लस कार्ड के लिए ऑनलाइन पोर्टल भी तैयार कर लिया है। एसओपी जारी होते ही यात्री घर बैठे मोबाइल या कम्प्यूटर से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। छोटे बच्चों, जिनसे बसों में किराया नहीं लिया जाता, उनके लिए अलग कार्ड की जरूरत नहीं होगी। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →