Himachal: एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी में दिव्यांश ठाकुर का शानदार प्रदर्शन, घर पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू : 21 अगस्त 2026 : एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले कुल्लू के कुलंग गांव निवासी दिव्यांश ठाकुर का घर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। प्रतियोगिता में दिव्यांश ने अंडर-17 वर्ग में संतोषजनक प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
दिव्यांश इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले जिला कुल्लू के एकमात्र खिलाड़ी रहे। उनकी इस उपलब्धि से कुलंग गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों ने दिव्यांश का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 44 पदक अपने नाम किए। भारत ने 13 स्वर्ण, 13 रजत और 18 कांस्य पदक हासिल कर प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
दिव्यांश की इस उपलब्धि को क्षेत्र में आइस स्केटिंग के बढ़ते प्रभाव और युवाओं की खेलों के प्रति रुचि के रूप में भी देखा जा रहा है। सीमित संसाधनों के बावजूद कुल्लू जैसे पहाड़ी जिले से अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में खिलाड़ी का चयन होना स्थानीय खेल प्रतिभाओं के लिए बड़ी उपलब्धि है।
इस अवसर पर आइस स्केटिंग इंडिया के अध्यक्ष एवं मनाली निवासी अमिताभ शर्मा तथा उनकी टीम और हिमाचल आइस स्केटिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष रोशन ठाकुर को भी भारतीय खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन के लिए बधाई दी गई। स्थानीय खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई कि दिव्यांश आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और हिमाचल का नाम और रोशन करेंगे। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →