Himachal's Daughter Brought Honor : डीएवी मौहल की छात्रा सेजल का आईआईटी मद्रास में चयन, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में बनाएंगी भविष्य
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू : 22 अगस्त 2026 : डीएवी पब्लिक स्कूल मोहल, कुल्लू की कक्षा 12वीं की होनहार छात्रा सेजल शर्मा ने अपनी मेहनत, वैज्ञानिक सोच और लगन के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सेजल ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास की ओर से आयोजित क्वालीफायर परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर ली है। इसके साथ ही उनका चयन आईआईटी मद्रास के प्रतिष्ठित बीएस प्रोग्राम के फाउंडेशन लेवल के लिए हुआ है।
सेजल वर्तमान में कक्षा 12वीं की पढ़ाई कर रही हैं। स्कूल के साथ पढ़ाई करते हुए उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है। आईआईटी मद्रास की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, सेजल ने 19 जुलाई को आयोजित क्वालीफायर परीक्षा पास की है।
इस उपलब्धि के बाद सेजल अब स्पेस टेक्नोलॉजी और एयरोनॉटिक्स जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों में आगे की पढ़ाई और करियर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाएंगी। वह इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम और स्पेस टेक्नोलॉजी से जुड़े उच्च स्तरीय पाठ्यक्रमों में आगे बढ़ने की तैयारी कर रही हैं।
सेजल की सफलता से डीएवी मोहल परिसर में खुशी का माहौल है। स्कूल प्रबंधन, प्रधानाचार्य आरएस राणा और शिक्षकों ने छात्रा तथा उसके अभिभावकों को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सेजल के पिता रमण शर्मा वर्तमान में एसडीएम फतेहपुर के पद पर कार्यरत हैं और माता ऋतु गोस्वामी ने बेटी की सफलता पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि सेजल की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन से यह सफलता संभव हुई है।
प्रधानाचार्य आरएस राणा ने कहा कि सेजल की उपलब्धि उसकी अकादमिक उत्कृष्टता, जिज्ञासा और कुछ नया करने की सोच को दर्शाती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सेजल की सफलता स्कूल के अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →