Himachal Pradesh: जेठानी की मौत की खबर सुनते ही देवरानी ने भी छोड़ी दुनिया, एक घंटे में उठीं दो अर्थियां
हमीरपुर के नादौन में दर्दनाक घटना, वर्षों से था दोनों के बीच गहरा लगाव; एक की मौत का सदमा दूसरी की जिंदगी पर पड़ा भारी
बाबूशाही ब्यूरो
नादौन (हमीरपुर): 07 सितंबर 2026 : हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के नादौन क्षेत्र में एक परिवार में ऐसा मातम पसरा कि गांव का हर व्यक्ति स्तब्ध रह गया। यहां बीमारी के चलते जेठानी की मौत के करीब एक घंटे के भीतर ही देवरानी ने भी दम तोड़ दिया। दोनों के बीच वर्षों से गहरा पारिवारिक लगाव था। रविवार को जब एक साथ दोनों की अर्थियां उठीं तो पूरा गांव गमगीन हो गया।
मामला ग्राम पंचायत बदारन का है। 70 वर्षीय शकुंतला देवी पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं। रविवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए नादौन अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शकुंतला देवी का शव जब घर लाया गया तो परिवार के लोग अंतिम दर्शन के लिए एकत्रित हुए। इसी दौरान उनकी 60 वर्षीय देवरानी कमलेश कुमारी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार वह जेठानी के शव को देखकर गश खाकर गिर पड़ीं। उन्हें तत्काल नादौन अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।
जिस रिश्ते ने जिंदगीभर साथ निभाया, मौत में भी साथ छूटा नहीं
परिजनों के मुताबिक शकुंतला देवी और कमलेश कुमारी के बीच बेहद आत्मीय रिश्ता था। दोनों एक-दूसरे के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ी रहती थीं। परिवार के लिए भी दोनों का रिश्ता आपसी प्रेम और अपनत्व की मिसाल था।
जेठानी की मौत का गहरा सदमा देवरानी सहन नहीं कर सकीं। परिजनों ने कमलेश की मौत का कारण हृदयाघात बताया है।
एक घर से निकलीं दो अर्थियां
करीब एक घंटे के अंतराल में परिवार की दो महिलाओं की मौत से बदारन गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सबसे मार्मिक दृश्य तब रहा जब दोनों की अंतिम यात्रा एक साथ निकली। एक-दूसरे का जीवनभर साथ निभाने वाली जेठानी-देवरानी ने अंतिम सफर भी साथ तय किया।
कमलेश कुमारी के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। उनका बेटा निजी कंपनी में कार्यरत है और अभी अविवाहित है। अचानक हुई दो मौतों से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →