Navratra : तीसरे नवरात्र पर 87 हजार भक्तों ने लिया मां से आशीर्वाद, दूसरे नवरात्र पर 64.87 लाख रुपए दान, खूब लगे जयकारे
प्रदेश के पांच शक्तिपीठों में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं का तांता लगा
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला: 14 अक्टूबर 2026 :
अश्विन नवरात्र मेले के दूसरे दिन प्रदेश के चार शक्तिपीठों में 64.87 लाख रुपए नकद चढ़ावा चढ़ाया गया है। प्रदेश के शक्तिपीठों में से सबसे अधिक ज्वाला जी मंदिर में 41.32 लाख का चढ़ावा प्राप्त हुआ है। तीसरे नवरात्र पर मंगलवार को मां के दर्शनों के लिए खूब भीड़ उमड़ी। चिंतपूर्णी, ज्वाला जी, श्रीनयनादेवी, बज्रेश्वरी देवी व चामुंडा देवी मंदिर में 87 हजार 500 श्रद्धालुओं ने माथा टेका। मां के दर्शनों के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की लाइनें लगी रही।
चिंतपूर्णी मंदिर में साढ़े नौ लाख रुपए दान
चिंतपूर्णी मंदिर में नवरात्र मेले के दूसरे दिन नौ लाख 49 हजार 285 रुपए का नकद चढ़ावा प्राप्त हुआ है। मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि तीसरे दिन 25 हजार भक्तों ने शीश नवाया।
चामुंडा मंदिर में दो हजार भक्तों ने टेका माथा
चामुंडा देवी मंदिर में अश्विन नवरात्र मेले के तीसरे दिन मंगलवार को दो हजार श्रद्धालुओं ने मईया के चरणों में शीश नवाया। मंदिर में भक्तों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह पुलिस तैनात है।
बज्रेश्वरी मंदिर में पौने चार लाख रुपए चढ़ावा
कांगड़ा स्थित बज्रेश्वरी देवी मंदिर में नवरात्र मेले के दूसरे दिन तीन लाख 68 हजार 845 रुपए नकद चढ़ावा गया है। मंदिर अधिकरी प्रकाश चंद ने बताया कि नवरात्र मेले के तीसरे दिन 5500 श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में माथा टेका। मंदिर में मां के दर्शनों के लिए सुबह से लाइनें लग रही हैं। वहीं, श्रीनयनादेवी मंदिर में 35 हजार ने माथा टेका। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →