Weather Update : हिमाचल में सर्दी का प्रचंड प्रहार, कुकुमसेरी में शून्य से चार डिग्री नीचे गिरा पारा
हिमाचल में एक ही दिन में कई क्षेत्रों में आठ डिग्री तक गिरा तापमान, शिमला में 115 साल बाद नवंबर में माइनस 1.1 डिग्री तक पहुंचा न्यूनतम तापमान
Babushahi Bureau
Shimla : 17 November 2026 : हिमाचल प्रदेश में सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान लगातार गिरने से ठिठुरन बढ़ गई है। लाहुल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 4.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। राजधानी शिमला में नवंबर महीने में 115 साल में पहली बार न्यूनतम तापमान माइनस 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इससे पहले 19 नवंबर, 1911 को भी यही तापमान रिकार्ड हुआ था।
फिलहाल प्रदेश में कुकुमसेरी सबसे ठंडा बना हुआ है और आने वाले दिनों में भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड जारी रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की सोमवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान में दो से आठ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रातें बेहद सर्द होने लगी हैं।
उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान माइनस चार से चार डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। वहीं, मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान दो से 15 डिग्री और मैदानी क्षेत्रों में छह से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। राजधानी शिमला सहित कई क्षेत्रों में भी तापमान गिरने से सुबह और शाम के समय ठंड का असर बढ़ गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी भी हुई है। सांगला में सबसे अधिक 3.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि कल्पा में 2.2 मिली बरिश हुई। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →