दीपा दुबे ने प्रशासक से की अपील: नगर निगम अपनी सीमा में रहे, ट्रैफिक पुलिस का काम न करे
नगर निगम अधिकारियों द्वारा वाहन चालान और जब्ती पर जताई आपत्ति, कहा – विकास कार्यों पर दें ध्यान
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 6 जून 2025
पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे ने नगर निगम चंडीगढ़ पर गंभीर सवाल उठाते हुए प्रशासक गुलाबचंद कटारिया से मांग की है कि वह नगर निगम अधिकारियों को कड़े निर्देश दें कि वे शहरवासियों के वाहनों के चालान या जब्ती जैसे कार्य न करें, जो कि ट्रैफिक पुलिस के अधिकार क्षेत्र में आता है।
दीपा दुबे ने एक बयान में कहा कि हाल ही में सेक्टर-34 में नगर निगम के रोड विंग के अधिकारियों द्वारा नागरिकों के वाहनों को जब्त कर चालान किए गए, जबकि यह कार्य पुलिस विभाग द्वारा किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम का यह कदम वसूली की मानसिकता को दर्शाता है और इससे आम जनता को बेवजह परेशान किया जा रहा है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि शहर के कई प्रमुख कार्यालयों जैसे नगर निगम भवन, हाउसिंग बोर्ड, डीसी ऑफिस और सचिवालय में पर्याप्त पार्किंग की सुविधा नहीं है। ऐसे में लोग मजबूरी में वाहन खाली स्थानों पर खड़े करते हैं, जहां किसी को असुविधा भी नहीं होती। ऐसे में उनका चालान अनुचित और अमानवीय है।
दीपा दुबे ने आगे कहा – “शहर की सुंदरता और विकास की जिम्मेदारी नगर निगम की है। उन्हें स्वच्छता, रखरखाव और सौंदर्यकरण जैसे कामों पर ध्यान देना चाहिए। वाहन चालान काटने और जुर्माना वसूलने का कार्य केंद्र सरकार द्वारा वेतनभोगी ट्रैफिक पुलिस का है, न कि नगर निगम अधिकारियों का।”
उन्होंने प्रशासक से अपील की कि वे ऐसे प्रशासनिक आदेश जारी करें, जिससे नागरिकों को मनमानी वसूली और गलत चालान जैसी परेशानियों से राहत मिल सके। साथ ही नगर निगम अधिकारियों को अपना दायरा समझने और उसी के भीतर कार्य करने के निर्देश दिए जाएं।
दीपा दुबे की यह अपील उन नागरिकों की आवाज़ है जो बिना उचित पार्किंग की सुविधा के बीच, रोजमर्रा की समस्याओं से जूझते हैं और मनमाने चालानों के शिकार हो जाते हैं। अब देखना होगा कि क्या प्रशासक गुलाबचंद कटारिया इस दिशा में कोई ठोस कदम उठाते हैं या नहीं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →