9 साल में 16वीं बार पैरोल; रोहतक जेल से 8 लग्जरी गाड़ियों समेत डेरा सिरसा पहुंचा राम रहीम
रोहतक, 26 मई, 2026ः डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम एक बार फिर जेल से बाहर आ गया है। वह 30 दिन की पैरोल पर मंगलवार (26 मई) सुबह 6.30 बजे रोहतक की सुनारिया जेल से निकला और करीब सवा 9 बजे सिरसा डेरे पहुंच गया। उसके काफिले में टोयोटा लैंड क्रूजर, फॉर्च्यूनर लिजेंडर जैसी 8 महंगी गाड़ियां शामिल थीं।
साध्वियों के यौन उत्पीड़न में उम्रकैद की सजा काट रहे राम रहीम की ये 16वीं पैरोल या फरलो है। इस साल के पहले 5 महीनों में ही वह दूसरी बार जेल से बाहर आया है। जनवरी-2026 में उसे 40 दिन की पैरोल मिली थी और वह फरवरी में ही वापस जेल लौटा था। वर्ष 2017 में सजा होने के बाद डेरा प्रमुख को इससे पहले 16 बार पैरोल और फरलो मिल चुकी।
रोहतक जेल प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए राम रहीम को सुबह जल्दी जेल से बाहर भेजा, ताकि भीड़ एकत्रित न हो पाए। सिरसा डेरे में राम रहीम के काफिले की एंट्री पिछले गेट से हुई। डेरामुखी के सिरसा पहुंचने के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
15 बार जेल से बाहर आ चुका राम रहीम
• 24 अक्टूबर 2020:
राम रहीम को पहली बार अस्पताल में भर्ती मां से मिलने के लिए 1 दिन की पैरोल मिली।
• 21 मई 2021:
मां से मिलने के लिए दूसरी बार 12 घंटे की पैरोल दी गई।
• 7 फरवरी 2022:
परिवार से मिलने के लिए डेरा प्रमुख को 21 दिन की फरलो मिली।
• जून 2022:
30 दिन की पैरोल मिली। यूपी के बागपत आश्रम भेजा गया।
• 14 अक्टूबर 2022:
राम रहीम को 40 दिन की पैरोल दी गई। वह बागपत आश्रम में रहा और इस दौरान म्यूजिक वीडियो भी जारी किए।
• 21 जनवरी 2023:
40 दिन की पैरोल मिली। वह शाह सतनाम सिंह की जयंती में शामिल होने के लिए जेल से बाहर आया।
• 20 जुलाई 2023:
30 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया।
• 21 नवंबर 2023:
राम रहीम 21 दिन की फरलो लेकर बागपत आश्रम गया।
• 19 जनवरी 2024:
50 दिन की फरलो पर बाहर आया था।
• 13 अगस्त 2024:
हरियाणा पुलिस की सुरक्षा के बीच 21 दिन की फरलो लेकर बागपत आश्रम गया।
• 2 अक्टूबर 2024:
राम रहीम को 20 दिन की पैरोल मिली। रोहतक की सुनारिया जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच उत्तर प्रदेश के बरनावा आश्रम ले जाया गया।
• 28 जनवरी 2025:
गुपचुप तरीके से जेल से बाहर आया। उसे 30 दिन की पैरोल मिली थी। इस दौरान 10 दिन सिरसा डेरा और 20 दिन बागपत के आश्रम में काटे।
• 9 अप्रैल 2025:
21 दिन की फरलो पर जेल से बाहर आया।
• 5 अगस्त 2025:
40 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया।
• 3 जनवरी 2026:
40 दिन की पैरोल मंजूर।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →