Himachal Weather Update: हिमाचल में 28 मई से आंधी-ओलावृष्टि का अलर्ट, शिमला-मंडी-कांगड़ा-कुल्लू-चंबा-सिरमौर-सोलन में बरसेंगे बादल
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला/कुल्लू: 26 मई 2026 :
हिमाचल प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम अब करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 28 और 29 मई को प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक, ओलावृष्टि और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से ऊपरी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम अचानक बिगड़ सकता है। मौसम विभाग ने शिमला, मंडी, कांगड़ा, कुल्लू, चंबा, सिरमौर और सोलन समेत कई जिलों में खराब मौसम की चेतावनी दी है।
ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर में 26 और 27 मई को हीट वेव की स्थिति बनने की आशंका जताई गई है। विभाग के अनुसार अगले तीन-चार दिनों तक तापमान में दो से पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। सोमवार को पांवटा साहिब प्रदेश का सबसे गर्म क्षेत्र रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर कुकुमसेरी और केलांग सबसे ठंडे क्षेत्र रहे, जहां न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
अधिकतम तापमान
ऊना 41.6, नेरी 39.8, सुंदरनगर 38.7, बरठीं 37.8, मंडी 37.6, कांगड़ा 37.3, शिमला 29.3, केलांग 14.6, ताबो 19.5, कल्पा 22.4, कुफरी 23.2, मनाली 23.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक मैदानी इलाकों में हीटवेव बढ़ने और 28 मई से मौसम बदलने की संभावना जताई है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →