मनाली में महाजाम हुआ विकराल : सोमवार को भी नहीं मिली राहत, शहर से अटल टनल तक थमी रफ्तार
बाबूशाही ब्यूरो
मनाली, 25 मई 2026 : अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी मनाली में ट्रैफिक जाम की स्थिति सोमवार को और अधिक विकराल हो गई। वीकेंड के बाद भी पर्यटकों की भारी आमद जारी रहने से सोमवार सुबह से ही चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग, मनाली शहर, अटल टनल मार्ग, सोलंगनाला, पलचान, वशिष्ठ और माल रोड क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई स्थानों पर वाहन घंटों तक रेंगते रहे, जिससे पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों की परेशानियां भी लगातार बढ़ती गईं।
सोमवार को दफ्तर, स्कूल और अन्य दैनिक गतिविधियां शुरू होने के कारण स्थानीय यातायात भी बढ़ गया, जिससे हालात और बिगड़ गए। मनाली से सोलंगनाला और अटल टनल की ओर जाने वाले मार्ग पर सबसे अधिक दबाव देखने को मिला। पलचान से लेकर सोलंग तक लंबा जाम लगा रहा और पर्यटक वाहन कई-कई घंटे फंसे रहे।
जाम का असर स्थानीय जीवन पर भी साफ नजर आया। टैक्सी ऑपरेटर, होटल कर्मचारी, स्कूल जाने वाले बच्चे और रोजमर्रा के कामकाज के लिए निकलने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पर्यटन सीजन के दौरान ट्रैफिक प्रबंधन पूरी तरह चरमरा गया है और प्रशासन की तैयारियां नाकाफी साबित हो रही हैं।
गौर हो कि इन दिनों हिमाचल प्रदेश पंचायत चुनाव चल रहे हैं, जिसके चलते अधिकांश पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
आमतौर पर पर्यटन के पीक सीजन में मनाली से रोहतांग तक करीब 200 जवानों की तैनाती रहती है, लेकिन इन दिनों मुश्किल से 15 से 20 जवान ही ट्रैफिक देख रहे हैं। जिसकी वजह से व्यवस्था चरमरा गई है।
मनाली माल रोड, बस स्टैंड और बाजार क्षेत्रों में भी अव्यवस्थित पार्किंग और अत्यधिक भीड़ के कारण यातायात बार-बार बाधित होता रहा। पुलिस और होमगार्ड के जवान लगातार यातायात नियंत्रित करने में जुटे रहे, लेकिन वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण स्थिति सामान्य नहीं हो पाई।
स्थानीय व्यापारियों और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ता ट्रैफिक अब मनाली की छवि पर असर डालने लगा है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पार्किंग, शटल सेवा और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था विकसित नहीं की गई तो आने वाले समय में हालात और गंभीर हो सकते हैं।
उधर प्रशासन ने पर्यटकों से सहयोग की अपील करते हुए अनावश्यक निजी वाहनों का उपयोग कम करने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी है। पुलिस विभाग द्वारा विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं, जबकि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए वैकल्पिक रूटों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →