Landslide In Himachal: रोहड़ू में अचानक दरकी पहाड़ी, सड़क पर आया भारी मलबा; सुंदरू खड्ड का पानी भी रुका
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला/रोहड़ू: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जांगलिख पुल के समीप अचानक भारी भूस्खलन हो गया। पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर आ गिरे, जिससे सड़क पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
बताया जा रहा है कि रविवार से ही इस स्थान पर रुक-रुककर पत्थर गिर रहे थे। सोमवार सुबह पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक खिसक गया और देखते ही देखते सड़क मलबे से पट गई। भूस्खलन के बाद मार्ग पर आवाजाही रोकनी पड़ी।
सुंदरू खड्ड में पहुंचा मलबा, पानी का बहाव हुआ प्रभावित
भूस्खलन का असर सुंदरू खड्ड पर भी देखने को मिला। पहाड़ी से गिरा मलबा खड्ड में पहुंचने के कारण पानी का बहाव कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। इससे आसपास के लोगों में चिंता बढ़ गई और खड्ड में पानी जमा होने की आशंका जताई जाने लगी।
हालांकि, रोहड़ू के एसडीएम धर्मेश रमोत्रा ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि खड्ड में पानी का बहाव दोबारा शुरू हो गया है और झील बनने जैसी कोई स्थिति नहीं है। उन्होंने लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है।
प्रशासन ने जारी की सतर्क रहने की अपील
बारिश के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा लगातार बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से पब्बर नदी और आसपास की खड्डों के किनारे अनावश्यक रूप से जाने से बचने को कहा है। बारिश के दौरान जलस्तर अचानक बढ़ सकता है।
प्रशासन और संबंधित विभाग सड़क को सुरक्षित तरीके से बहाल करने की दिशा में कार्रवाई कर रहे हैं। फिलहाल लोगों से मौके पर जाने और जोखिम उठाने से बचने की अपील की गई है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →