Manali Winter Carnival : मालरोड पर उतरी कुल्लू की देहाती संस्कृति, झांकियों में दिखी देश की विविधता
बाबूशाही ब्यूरो
मनाली, 20 जनवरी 2026 :
पर्यटन नगरी मनाली में राष्ट्र स्तरीय विंटर कार्निवल का मंगलवार को भव्य आगाज हुआ। हिमाचली संस्कृति, लोकजीवन और सामाजिक जागरूकता का संदेश देती रंग-बिरंगी झांकियों ने कार्निवल की शुरुआत को यादगार बना दिया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने परिधि गृह से हरी झंडी दिखाकर सांस्कृतिक झांकियों को रवाना किया।
परिधि गृह से मालरोड तक निकली इस भव्य शोभायात्रा में 298 महिला मंडलों के साथ देश के विभिन्न राज्यों से आए 18 सांस्कृतिक दलों ने भाग लिया। मालरोड पर हिमाचल की पारंपरिक पहाड़ी संस्कृति, लुप्त होते अनाज, लोकजीवन और सामाजिक सरोकारों को दर्शाती झांकियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। झांकियों को देखने के लिए पर्यटकों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
मालरोड के दोनों ओर खड़े लोग झांकियों के मनमोहक दृश्यों को मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए। 24 जनवरी तक चलने वाले विंटर कार्निवल के दौरान 21 और 23 जनवरी को महानाटी का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा विंटर क्वीन प्रतियोगिता, वॉयस ऑफ कार्निवल, फिल्म डांस, लोकनृत्य प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
कार्निवल के तहत महिला मंडलों और सांस्कृतिक दलों के फैशन शो, स्ट्रीट प्ले सहित कई प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने महिला मंडलों और सांस्कृतिक दलों की तालियां बजाकर हौसला अफजाई की।
इस अवसर पर विधायक विनोद सुल्तानपुरी, एसडीएम रमण कुमार शर्मा, डीएसपी रमण कुमार, कांग्रेस नेता देवेंद्र नेगी और विद्या नेगी भी मौजूद रहे। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →