प्रवीण अत्रे बने मुख्यमंत्री के नए मीडिया सचिव
लोक संपर्क विभाग में अनुभव के बाद मिली सीएम कार्यालय की सीधी जिम्मेदारी
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 22 मई: हरियाणा सरकार ने प्रवीण अत्रे को मुख्यमंत्री का मीडिया सचिव नियुक्त किया है। इससे पहले वे लोक संपर्क विभाग में मीडिया सचिव के तौर पर कार्यरत थे। अब उन्हें सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़ते हुए मीडिया प्रबंधन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, यह नियुक्ति 17 अक्टूबर 2024 से प्रभावी मानी जाएगी। यह एक अस्थायी और पृथक पद है, जिस पर प्रवीण अत्रे तब तक कार्यरत रहेंगे, जब तक मुख्यमंत्री चाहें।
प्रवीण अत्रे लंबे समय से पत्रकारिता और सरकारी जनसंपर्क तंत्र से जुड़े रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, उनकी मीडिया से संवाद क्षमता, प्रशासनिक समझ और लंबा अनुभव इस नियुक्ति के पीछे प्रमुख कारण रहे हैं। उन्हें अब मुख्यमंत्री और मीडिया के बीच संवाद की मजबूत कड़ी की भूमिका निभानी होगी।
सरकार की योजनाओं, नीतियों और फैसलों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर होगी। जानकार मानते हैं कि यह नियुक्ति राज्य सरकार के संचार तंत्र को सशक्त और प्रभावशाली बनाने की दिशा में अहम कदम है।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →