हिमांशु शर्मा 1 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, गुरुग्राम साइबर क्राइम केस में रिश्वतखोरी का मामला उजागर
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 31 जुलाई 2025:
हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, पंचकूला ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 जुलाई को नारनौल-रेवाड़ी बाईपास से एक व्यक्ति को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी हिमांशु शर्मा पुत्र मुकेश शर्मा, निवासी शिव कॉलोनी, नारनौल, को शिकायतकर्ता से ₹1,00,000 की नकद रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।
यह रिश्वत कथित तौर पर गुरुग्राम साइबर क्राइम थाना के एएसआई संदीप के नाम पर मांगी गई थी। आरोपी हिमांशु शर्मा के खिलाफ थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, गुरुग्राम में अभियोग संख्या 28, दिनांक 30.7.2025, धारा 7 व 7ए भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को आज नारनौल की माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पूरा मामला:
शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को दी शिकायत में बताया कि 9 जून 2025 को थाना साइबर क्राइम गुरुग्राम में दर्ज केस नंबर 156 (धारा 318(4), 319 बीएनएस) में कुछ व्यक्तियों के खिलाफ FIR दर्ज है। तफ्तीश अधिकारी एएसआई संदीप ने शिकायतकर्ता से फोन पर कहा कि उसका नाम भी मामले में सामने आया है।
शिकायतकर्ता ने यह बात अपने दोस्त हिमांशु शर्मा को बताई, जिसने उसे बताया कि उसका एक जानकार पुलिसकर्मी विनोद है जो इस मामले में मदद कर सकता है। इसके बाद हिमांशु और विनोद की ओर से शिकायतकर्ता से केस से नाम हटवाने के एवज में ₹1,00,000 की रिश्वत की मांग की गई।
शिकायत सही पाए जाने पर गुरुग्राम ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाकर हिमांशु शर्मा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो अब यह पता लगाने में जुटा है कि क्या इस मामले में कोई पुलिस अधिकारी भी संलिप्त है, और विनोद की भूमिका क्या थी। आरोपी से पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →