Himachal Congress: हिमाचल कांग्रेस संगठन के गठन पर बात, अभी नहीं होगा कैबिनेट का विस्तार
अध्यक्ष को लेकर हाईकमान ने जानी सीएम-डिप्टी सीएम-मंत्रियों की राय
राहुल गांधी ने सभी नेताओं को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 05 अगस्त 2025 :
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस संगठन के अध्यक्ष को लेकर पार्टी हाईकमान ने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री समेत वरिष्ठ मंत्रियों की राय जानी है। साथ ही राहुल गांधी ने नेताओं को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा है।
दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ कांग्रेस मुख्यालय में हिमाचल के नेताओं की बैठक हुई। इस बैठक के बाद सभी नेताओं की कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के साथ हिमाचल सदन में वन-टू-वन मीटिंग हुई और अब रजनी पाटिल हाईकमान को अपनी रिपोर्ट देंगी।
बताया जा रहा है कि संगठन अध्यक्ष के लिए कुछ नामों पर वहां चर्चा की गई है जिसमें विनय कुमार, विनोद सुल्तानपुरी, आशीष बुटेल व कुलदीप सिंह राठौर का नाम भी सामने आया है। अब देखना होगा कि पार्टी हाईकमान मंत्रियों की राय पर आगे क्या निर्णय लेती है। उम्मीद है कि इसी सप्ताह में वहां से कार्यकारिणी की सूची आ जाएगी। कांग्रेस कमेटी का जल्द गठन होगा। बताया जा रहा है कि बैठक में कैबिनेट मंत्रियों में से ही किसी एक को राज्य अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया।
इस पर हाईकमान ने स्पष्ट कर दिया है कि एक व्यक्ति, एक सिद्धांत लागू होगा। यदि किसी मंत्री पर प्रदेश अध्यक्ष बनाने की सहमति बनती है, तो उसे मंत्री पद छोड़ना होगा।
दिल्ली में आयोजित बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के गठन में हो रही देरी को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित बैठक में मौजूद मंत्रियों ने कहा कि पीसीसी का गठन जल्द हो जाना चाहिए। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →