Nepal Violence: GEN-Z : नेपाल में हिंसा, हिमाचल में रह रहे नेपाली लोगों को सता रही परिवार की चिंता
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 12 सितंबर 2025 :
सेब सीजन के दौरान इन दिनों हिमाचल प्रदेश के सेब बाहुल्य क्षेत्रों में एक लाख से अधिक नेपाली श्रमिक मौजूद हैं। नेपाल में हिंसा के चलते यहां रह रहे नेपाली लोग अपने परिवार को लेकर परेशान हैं।
नेपाल में हिंसा के बीच हिमाचल में रह रहे नेपाली लोगों को अपने परिवारों की चिंता सता रही है। फोन पर संपर्क में व्यवधान के चलते परिजनों से बातचीत न होने से नेपाली लोग परेशान हैं। हिमाचल से नेपाल के बॉर्डर टनकपुर जाने वाली बसें एक सप्ताह से खाली दौड़ रही हैं। सेब सीजन के दौरान इन दिनों प्रदेश के सेब बाहुल्य क्षेत्रों में एक लाख से अधिक नेपाली श्रमिक मौजूद हैं।
कोटखाई में रहने वाले नेपाली प्रकाश चंद का कहना है कि पिछले एक हफ्ते से नेपाल में हालात तनावपूर्ण हैं। बुधवार तक फोन सेवाएं पूरी तरह प्रभावित थीं। सेब सीजन के लिए नेपाल के जाजरकोट जिला से पांच साथियों के साथ आए नेपाली ललित गोसाईं का कहना है कि वीडियो कॉल पर बात नहीं हो पा रही है। मीडिया में आ रही खबरें परेशान करने वाली हैं।
शिमला में रह रहे नेपाली समाज के हरि प्रसाद का कहना है कि नेपाल में बेकाबू होते हालात के बीच शहर में रह रहे नेपाली चिंतित हैं। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →