Weather Update : पंजाब-चंडीगढ़ में गर्मी की आहट, अब 26 तक मौसम रहेगा शुष्क
चंडीगढ़, 21 Feb 2026 : उत्तर भारत के मैदानी इलाकों से सर्दी की विदाई लगभग हो चुकी है। पंजाब और चंडीगढ़ में अब दिन के समय धूप चिलचिलाने लगी है, जिससे गर्मी का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक हफ्ते तक क्षेत्र में बारिश के कोई आसार नहीं हैं, हालांकि पहाड़ों से आने वाली हवाओं के कारण सुबह-शाम हल्की ठंडक बनी रहेगी।
बारिश की भारी कमी
आंकड़ों के मुताबिक, इस साल फरवरी महीने में सामान्य के मुकाबले 97% कम बारिश दर्ज की गई है। जहां आमतौर पर इस समय तक 20.1 एमएम बारिश होनी चाहिए थी, वहां केवल 0.6 एमएम बारिश ही हुई है। फिरोजपुर, फाजिल्का और बठिंडा जैसे जिलों में सूखा जैसी स्थिति है, जबकि फतेहगढ़ साहिब और गुरदासपुर में सामान्य से अधिक बारिश हुई है।
फरीदकोट सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री का इजाफा हुआ है। फरीदकोट में पारा 28.8 डिग्री तक पहुंच गया, जो पूरे राज्य में सबसे अधिक रहा। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि आने वाले 7 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की और बढ़ोतरी होगी, जिससे रातें भी धीरे-धीरे गर्म होने लगेंगी।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →