Himachal: Cyber Fraud : मंडी में 'डिजिटल डकैती', सरकारी कर्मचारी के साथ हुई 30 लाख रुपये की ठगी
बाबूशाही ब्यूरो
मंडी, 20 फरवरी 2026 : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक सरकारी कर्मचारी के साथ हुई 30 लाख रुपये की ठगी महज एक अपराध नहीं, बल्कि उन लोगों के लिए एक गंभीर चेतावनी है जो सोशल मीडिया के 'शॉर्टकट' निवेश को हकीकत मान बैठते हैं।
इस वारदात की पटकथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर लिखी गई। शातिरों ने 'वेल्थ एलायंस' और 'इंडियन सॉवरिन थिंकिंग' जैसे प्रभावशाली नामों वाले ग्रुप्स का सहारा लिया। खेल बहुत ही शातिर तरीके से खेला गया। पीड़ित को एक विशेष ऐप डाउनलोड करवाया गया। इस ऐप पर फर्जी आंकड़े दिखाकर यह एहसास कराया गया कि उनका निवेश तेजी से बढ़ रहा है।
एक महीने के भीतर पीड़ित ने विश्वास में आकर 15 लाख और 14 लाख की दो बड़ी किस्तों समेत कुल 30 लाख रुपये ठगों के खातों में डाल दिए। जब कर्मचारी ने अपना मुनाफा और मूलधन निकालना चाहा, तो ठगों ने असली रंग दिखाया।
उनसे 12 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की गई, जिसे 'निकासी शुल्क' के रूप में जमा करना अनिवार्य बताया गया। यहीं पर पीड़ित को अपनी गलती का एहसास हुआ।
मंडी में साइबर अपराध की बढ़ती दस्तक
मंडी जिला हाल के दिनों में साइबर अपराधियों के निशाने पर रहा है। इस 30 लाख की ठगी से पहले जनवरी माह में भी एक सनसनीखेज मामला सामने आया था, जहाँ 'डिजिटल अरेस्ट' के नाम पर एक व्यक्ति से 98 लाख रुपये लूट लिए गए थे। उस मामले में अपराधियों ने फर्जी सीबीआई अधिकारी बनकर पीड़ित को वीडियो कॉल पर डराया था। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →