Himachal Monsoon Update: हिमाचल में अगले 6 दिन भारी बारिश की चेतावनी, 19 से 22 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट जारी
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला: 18 जुलाई 2026 :
हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह से सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेशभर में अगले 6 दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 18 जुलाई को प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 19, 20, 21 और 22 जुलाई को बारिश का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है। इन चार दिनों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके बाद 23 जुलाई को भी मौसम शांत नहीं होगा और अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश को लेकर फिर से येलो अलर्ट रहेगा।
फ्लैश फ्लड, बादल फटने और भूस्खलन का खतरा, लोगों को सतर्क रहने की सलाह
आगामी दिनों में लगातार होने वाली इस भारी बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। विभाग ने नदी-नालों के उफान पर आने, फ्लैश फ्लड, बादल फटने और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की भारी आशंका जताई है। प्रशासन ने सभी लोगों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने, नदी-नालों से दूर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।अगर पिछले 24 घंटों के मौसम की बात करें तो राज्य में केवल कुछ ही स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →