Himachal Road Accident : आनी कार हादसे में मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार की फौरी राहत
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू, 22 सितंबर 2026 : आनी उपमंडल के हरिपुर-नागन क्षेत्र में गत रात्रि हुई कार दुर्घटना में चार लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल को उपचार के लिए रामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एडीएम कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन द्वारा तत्काल खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। उन्होंने हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने बताया कि निजी वाहन में पांच लोग सवार थे, जिनमें राहुल पुत्र जगदीश, बाल कृष्ण पुत्र डीख राम, गुंजन पुत्र राम कृष्ण तथा विवेक राणा पुत्र हीरा सिंह, सभी निवासी गांव जाबो, की दुर्घटना में मृत्यु हो गई। सुरेश कुमार पुत्र मोहन लाल, निवासी गांव जाबो, गंभीर रूप से घायल हुआ है और रामपुर अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।
एडीएम ने बताया कि प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये तथा घायल के परिजनों को 5 हजार रुपये की फौरी राहत राशि जारी कर दी गई है। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता एवं सहयोग उपलब्ध करवाया जा रहा है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →