Himachal: IAS K.K. Pant Appointed New CS : वरिष्ठ IAS अधिकारी केके पंत बने हिमाचल के नए मुख्य सचिव, जानें कौन हैं केके पंत?
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला: 01 जून 2026 : हिमाचल प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कमलेश कुमार पंत को राज्य के मुख्य सचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। इस संबंध में कार्मिक विभाग द्वारा आदेश जारी किए गए हैं। पंत वर्तमान में अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत हैं और वन, गृह तथा सतर्कता विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। पूर्व मुख्य सचिव संजय गुप्ता के सेवानिवृत्त होने के बाद सरकार ने यह निर्णय लिया है।
संजय गुप्ता 30 मई को सेवा से निवृत्त हुए थे। उनके सम्मान में सचिवालय और शिमला में अधिकारियों द्वारा विदाई कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
1993 बैच के आईएएस अधिकारी कमलेश कुमार पंत प्रशासनिक सेवा में लंबा अनुभव रखते हैं। वे कांगड़ा के उपायुक्त रह चुके हैं और केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर भी विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। हिमाचल सरकार के कई महत्वपूर्ण विभागों में भी उन्होंने जिम्मेदारियां निभाई हैं।
गौरतलब है कि सरकार ने फिलहाल उन्हें नियमित मुख्य सचिव नियुक्त करने के बजाय अतिरिक्त प्रभार दिया है। इससे पहले संजय गुप्ता को भी कुछ समय तक कार्यवाहक रूप में यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। विपक्ष राज्य में शीर्ष प्रशासनिक पदों पर नियमित नियुक्तियां न होने के मुद्दे को उठाता रहा है।
मुख्य सचिव पद के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के एक पैनल पर भी विचार किया गया था, जिसमें अनुराधा ठाकुर, ओंकार शर्मा, भरत हरबंसलाल खेड़ा और आर. डी. नजीम जैसे अधिकारियों के नाम शामिल बताए जाते हैं। पंत के नए दायित्व संभालने के बाद राज्य प्रशासन में विभागों के पुनर्वितरण और अधिकारियों के तबादलों की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में प्रशासनिक स्तर पर कुछ महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकते हैं। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →