पंजाब मे गरजा बुलडोजर, ड्रग माफिया का अड्डा बना मलबा
पंजाब सरकार की नशा विरोधी मुहिम के तहत अमृतसर में एक और बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने मोहकमपुरा इलाके में कुख्यात नशा तस्कर सनी गुल्ला का मकान गिरा दिया। प्रशासन का दावा है कि यह घर ड्रग्स की कमाई से खड़ा किया गया था।
4 केस NDPS एक्ट के तहत, 2 हत्या के प्रयास के
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सनी गुल्ला पर कुल 8 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें 4 केस NDPS एक्ट, 2 हत्या की कोशिश और 2 अन्य संगीन मामले शामिल हैं। फिलहाल सनी गुल्ला फरार है और पुलिस की टीमें उसकी तलाश में लगी हुई हैं।
परिवार बोला– बेटा बेगुनाह, बिना सबूत घर गिरा दिया
कार्रवाई के बाद सनी गुल्ला के परिवार ने विरोध जताया। उनका कहना है कि उनके बेटे पर झूठे केस बनाए गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया– “अगर वह दोषी है तो कानूनी कार्रवाई करें, लेकिन बिना अदालत के फैसले के घर गिराना कहां का न्याय है?”
कमिश्नर का सख्त संदेश– ड्रग मनी से बनाए गए घर नहीं बचेंगे
मामले पर पुलिस कमिश्नर ने कड़ा संदेश देते हुए कहा, “जो लोग नशे के पैसे से घर और बिजनेस खड़ा कर रहे हैं, उनके खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने बताया कि नगर निगम को शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर कानूनी प्रक्रिया के तहत घर को ढहाया गया, और पुलिस ने मौके पर सुरक्षा मुहैया करवाई।
नशा छोड़ने वालों को मिलेगा इलाज
पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि जो युवा नशा छोड़ना चाहते हैं, उनके लिए नशा मुक्ति केंद्रों में मुफ्त इलाज और काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है, ताकि वे दोबारा सामान्य जीवन जी सकें. एक्शन के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है, और पुलिस अब सनी गुल्ला की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
MA
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →