विदेश भेजने के नाम पर 21 लाख की धोखाधड़ी; युवती से ठगे पैसे
यमुनानगर, 20 February 2026 : हरियाणा के यमुनानगर में विदेश भेजने के नाम पर ठगी का एक बड़ा मामला प्रकाश में आया है। गांव ककड़ौनी की रहने वाली एक युवती ने मोहाली के एक इमिग्रेशन एजेंट पर ऑस्ट्रेलिया का स्टडी वीजा दिलाने के नाम पर करीब 20 लाख 85 हजार रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी और एक बिचौलिए के खिलाफ धोखाधड़ी (Fraud) और इमिग्रेशन एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
30 लाख में हुआ था सौदा
शिकायतकर्ता रंजीता ने पुलिस को बताया कि वह अपने माता-पिता के साथ सढौरा निवासी मुंशी अली के जरिए मोहाली की 'CIES Pvt. Ltd.' कंपनी के मालिक गुरप्रीत चहल से मिली थी। आरोपी ने उसे ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा दिया और कुल 30 लाख रुपये का खर्च बताया। भरोसे में आकर रंजीता के परिवार ने जनवरी 2024 में अलग-अलग तारीखों पर नकद और बैंक ट्रांसफर के जरिए कुल 20,85,000 रुपये एजेंट को दे दिए।
धमकी और टालमटोल
पीड़िता का आरोप है कि महीनों बीत जाने के बाद भी वीजा नहीं लगा। जब पैसे वापस मांगे गए, तो आरोपी ने पहले इंग्लैंड भेजने का झांसा दिया और फिर फीस रिफंड के नाम पर दो साल तक चक्कर कटवाए। पीड़िता के पिता ने यह रकम ब्याज पर उधार ली थी, जिससे परिवार भारी मानसिक तनाव में है। शिकायत करने पर अब आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। सढौरा थाना पुलिस फिलहाल मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →