भीषण सड़क हादसा : पानी की टंकी से टकराकर गोवर्धन ड्रेन में गिरी कार, 4 की मौत
मथुरा/मगोर्रा: राजस्थान की सीमा से सटे मगोर्रा थाना क्षेत्र के गांव नगला देविया में बुधवार रात एक दर्दनाक हादसा पेश आया। एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले पानी की टंकी से टकराई और फिर सीधे गोवर्धन ड्रेन (नाले) में जा गिरी। ड्रेन में पानी का बहाव तेज और गहराई अधिक होने के कारण कार सवार चारों युवकों की डूबने से मौत हो गई।
ग्रामीणों ने की बचाने की कोशिश
हादसा रात करीब 8:30 बजे हुआ। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और ड्रेन में छलांग लगा दी। करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। ट्रैक्टर की मदद से रस्सी बांधकर कार को गहरे पानी से बाहर निकाला गया।
एक ही परिवार के थे तीन मृतक
एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि कार सवार सभी लोग महावन थाना क्षेत्र के प्रेम नगर के निवासी थे और किसी कार्यक्रम में शामिल होने डीग (राजस्थान) जा रहे थे। मृतकों की पहचान राहुल, अमित और मोहित के रूप में हुई है, जो आपस में भाई बताए जा रहे हैं। चौथे मृतक की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →