हिमाचल में भयानक हादसा; 100 मीटर खाई में गिरी कार, बिलासपुर के बुजुर्ग दंपती की मौत, बेटे सहित 2 घायल
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला: 25 मई 2026 : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के शोघी-मैहली बाईपास रोड पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसा पेश आया है। यहां न्यू शिमला थाना क्षेत्र के तहत सीवरेज प्लांट बड़ागांव के पास एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में बिलासपुर के रहने वाले एक बुजुर्ग दंपति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा और एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार स्विफ्ट कार (एचपी 24सी-0600) में कुल 4 लोग सवार थे, जो बिलासपुर से शिमला की ओर आ रहे थे। शोघी-मैहली बाईपास रोड पर अचानक चालक ने कार पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते गाड़ी सीधे गहरी खाई में गिर गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर न्यू शिमला पुलिस और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचे और खाई में उतरकर बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे में जान गंवाने वाले दंपति की पहचान सुमन शर्मा (69) पुत्र कृष्ण दत्त निवासी हाऊस नंबर 172, सैक्टर-2, सदर, बिलासपुर और उनकी पत्नी लीला देवी (64) के रूप में हुई है, जबकि उनका बेटा एवं कार चालक अखिल कुमार और सह-यात्री निर्मला देवी (55) पत्नी कमलेश कुमार निवासी सरघीण, पंथाघाटी व जिला शिमला के रूप में हुई है। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें उपचार दिया गया। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →