Himachal: International Shivratri Festival: शाही अंदाज में निकली राज देवता माधवराय की दूसरी जलेब, विधानसभा अध्यक्ष हुए शामिल
मंडी, 20 फरवरी 2026 : छोटी काशी के नाम से विख्यात मंडी में चल रहे अंतर्राष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव की दूसरी जलेब (शोभायात्रा) वीरवार को पूरे शाही अंदाज और देव ध्वनि के बीच निकाली गई। राज देवता माधवराय की अगुवाई में निकली इस जलेब में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
जलेब शुरू होने से पहले विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने राज माधवराय मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात, देवी-देवताओं और बजंतरियों के साथ जलेब राज माधवराय मंदिर से शुरू होकर ऐतिहासिक पड्डल मैदान पहुंची।
पड्डल मैदान में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि मेले और त्योहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न अंग हैं। उन्होंने कहा कि चाहे मंडी की शिवरात्रि हो, कुल्लू का दशहरा, चम्बा का मिंजर मेला या रामपुर का लवी मेला, हमारा प्रदेश देवी-देवताओं की अटूट आस्था से ओत-प्रोत है। उन्होंने इस परंपरा को सहेज कर रखने पर जोर दिया। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →