Himachal Pradesh: सोलन में घर में खड़ी गाड़ी का कट गया टोल, सनवारा बैरियर के खिलाफ अधिवक्ता ने दर्ज करवाई शिकायत
बाबूशाही ब्यूरो
सोलन, 21 फरवरी 2026 : सोलन जिला के सनवारा टोल प्लाजा पर डिजिटल भुगतान प्रणाली को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शहर के एक अधिवक्ता दिनेश कुमार के पास उस समय टोल कटने का मैसेज पहुंचा, जब उनकी कार घर पर ही खड़ी थी।
बिना वाहन के टोल प्लाजा से गुजरने के बावजूद खाते से राशि कटने की घटना ने डिजिटल भुगतान की विश्वसनीयता और पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिवक्ता के मोबाइल पर टोल कटने का संदेश आने के बाद उन्होंने तुरंत मामले की जांच शुरू की। जब यह स्पष्ट हो गया कि वाहन उस समय टोल प्लाजा से नहीं गुजरा था, तो उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के शिकायत पोर्टल पर औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले की जांच की, जिसमें पाया गया कि टोल शुल्क गलती से काटा गया था। जांच पूरी होने के बाद अधिवक्ता के खाते से कटी हुई राशि वापस कर दी गई। हालांकि इस घटना ने डिजिटल टोल प्रणाली की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
चालक परेशान
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी गलत टोल कटने की शिकायतें सामने आती रही हैं, जिससे वाहन चालकों में चिंता का माहौल है। लोगों ने टोल प्लाजा प्रबंधन से ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मजबूत तकनीकी व्यवस्था लागू करने की मांग की है।
बिना वजह टोल कटने पर करें शिकायत
अधिवक्ता दिनेश कुमार ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी के साथ भी इस तरह की गड़बड़ी होती है तो वह चुप न बैठें। तुरंत एनएचएआई के शिकायत पोर्टल पर कम्प्लेंट दर्ज करवाएं। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →