Accident News : दो ट्रकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर,ड्राइवर की मौत; 6 घायल
पटना/मनेर, 16 फरवरी 2026 : पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-30 पर शनिवार की रात एक दर्दनाक हादसा पेश आया। श्रीनगर देवी मंदिर के पास मनेर-दानापुर मार्ग पर दो तेज रफ्तार ट्रकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रक पीछे से आ रहे ऑटो से भी जा भिड़ा।
हादसे में आधा दर्जन लोग घायल
इस तिहरे हादसे में दोनों ट्रकों के चालकों और ऑटो सवार यात्रियों सहित करीब छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तुरंत मनेर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पहुंचाया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों ट्रक चालकों को प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया गया।
उपचार के दौरान चालक ने तोड़ा दम
इलाज के दौरान एक ट्रक चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मनेर के हुलासी टोला (रामपुर दियारा तोफिर पंचायत) निवासी राहुल कुमार (24 वर्ष) के रूप में हुई है। राहुल की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। हादसे में घायल अन्य लोगों में सोनू कुमार और बसंती देवी शामिल हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
सड़क पर लगा लंबा जाम
दुर्घटना के बाद एनएच-30 पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस ने जेसीबी मशीन मंगवाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया, जिसके बाद आवाजाही सामान्य हो सकी। इस दुखद घटना पर पूर्व विधायक प्रो. श्रीकांत निराला और पूर्व मुखिया मिथलेश सिंह सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने शोक व्यक्त किया है।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →