Himachal Govt to Setup Asia's Longest Zipline : कांगड़ा में पर्यटन को लगेंगे पंख, एशिया की सबसे लंबी, जिपलाइन परियोजना का होगा निर्माण
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 15 फरवरी, 2026:
कांगड़ा में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार ने कांगड़ा जिले की सुंदर धौलाधार घाटी के नड्डी में एशिया की सबसे लंबी जिपलाइन परियोजना विकसित करने का निर्णय लिया है। 4.3 किलोमीटर लंबी नड्डी जिपलाइन परियोजना की अनुमानित लागत 7.41 करोड़ रुपये है और इसे ऐतिहासिक साहसिक पर्यटन पहल के रूप में विकसित किया जाएगा।
इस परियोजना में चार स्टेशन होंगे गल्लू (प्रारंभिक बिंदु), बल गांव, नड्डी और मैगी प्वाइंट खड्ड (समापन बिंदु)। यह परियोजना पर्यटकों को रोमांचक अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ धौलाधार पर्वत माला की मनमोहक प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने का अवसर देगी। इस परियोजना को 36 माह की अवधि में पूरा करने का प्रस्ताव है।
यह जिपलाइन धर्मशाला के नड्डी व्यू प्वाइंट पर विकसित की जाएगी, जो अपने विहंगम दृश्यों के लिए प्रसिद्ध है। परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में पर्यटन अवसंरचना को सुदृढ़ करने, साहसिक पर्यटन के शौकीन पर्यटकों को आकर्षित करने, रोजगार के अवसर सृजित करने तथा क्षेत्र के समग्र आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कांगड़ा जिले को ‘पर्यटन राजधानी’ का दर्जा प्रदान किया है और जिले में पर्यटन अवसंरचना को सशक्त बनाने तथा सतत पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के लिए कई पहलें लागू की जा रही हैं। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →