Weather Alert ; पंजाब में आज रात से मौसम मारेगा पलटी, बारिश और बिजली का अलर्ट जारी
चंडीगढ़, 16 फरवरी 2026
पंजाब और चंडीगढ़ में गर्मी की आहट के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने को तैयार है। जहाँ दिन की तेज धूप पसीने छुड़ा रही है, वहीं आज (सोमवार) रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) दस्तक देने वाला है। इसके प्रभाव से अगले दो दिन यानी 17 और 18 फरवरी को पंजाब के कई हिस्सों और चंडीगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की प्रबल संभावना है।
तापमान ने तोड़ा रिकॉर्ड
इस साल फरवरी के महीने में पहली बार गर्मी ने अपने तेवर दिखाए हैं। फिरोजपुर में पारा 29 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। पिछले 24 घंटों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। फिलहाल दिन का तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक चल रहा है।
आज रात से बदलेगा मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना के चलते उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तेज पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। हालांकि आज दिन भर धूप खिली रहेगी, लेकिन रात होते-होते बादलों का डेरा जमना शुरू हो जाएगा। आने वाले तीन दिनों में रात का तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है, जिससे रात की ठंड भी कम होगी।
अगले दो दिन कहाँ होगी बारिश?
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल के मुताबिक, 17 और 18 फरवरी को हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी:
-
17 फरवरी: पठानकोट, गुरदासपुर, फाजिल्का, मुक्तसर और बठिंडा में हल्की वर्षा या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं।
-
18 फरवरी: इन जिलों के साथ-साथ कुछ अन्य स्थानों पर भी बिजली कड़कने और बारिश का अनुमान है।
-
19 फरवरी: मौसम फिर से साफ होने की उम्मीद है, किसी प्रकार का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →