मोहाली में बब्बू मान के शो में भारी हंगामा, पढ़ें पूरी ख़बर
मोहाली, 16 फरवरी 2026 : मोहाली के गांव बल्लोमाजरा में आयोजित एक कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पंजाबी गायक बब्बू मान के लाइव परफॉर्मेंस के दौरान भीड़ बेकाबू हो गई। हालात इतने बिगड़ गए कि लाइव टेलीकास्ट कर रहे कैमरे तक गिर गए और पुलिस को बीच-बचाव के लिए कड़ा रुख अपनाना पड़ा।
कैमरों को लेकर शुरू हुआ विवाद
विवाद तब शुरू हुआ जब दर्शकों ने शिकायत की कि सामने लगे कैमरों की वजह से उन्हें स्टेज साफ नहीं दिख रहा है। प्रशंसकों की मांग पर बब्बू मान ने कैमरामैन को साइड से एंगल बनाने को कहा और परफॉर्मेंस जारी रखी। लेकिन करीब आधे घंटे बाद भीड़ अचानक उग्र हो गई और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
SP ने दी आखिरी चेतावनी
व्यवस्था बिगड़ते देख मोहाली के SP मनप्रीत सिंह खुद मैदान में उतरे और माइक संभाल लिया। उन्होंने सख्त लहजे में कहा, "यह मेरी आखिरी चेतावनी है। अगर 5 मिनट के भीतर शांति नहीं बनी, तो प्रोग्राम की परमिशन तुरंत रद्द कर दी जाएगी। कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।"
बब्बू मान ने की शांति की अपील
पुलिस की सख्ती के बाद बब्बू मान ने भी प्रशंसकों को समझाया। उन्होंने पुलिस अधिकारी का सम्मान करते हुए कहा, "SP साहब हमारे खास हैं और सुरक्षा सबसे पहले है। अगर आप अगले 20-25 मिनट तक शांत रहेंगे, तभी मैं आगे गाऊंगा।" सिंगर और पुलिस की साझा कोशिशों के बाद भीड़ शांत हुई और दोबारा प्रोग्राम शुरू हो सका।
पुलिस की सख्ती की वजह
मोहाली में हाल ही में कबड्डी खिलाड़ी राणा बलाचौरिया की हत्या के बाद से सुरक्षा एजेंसियां बेहद सतर्क हैं। इस मामले में हाईकोर्ट पहले ही पंजाब के DGP को तलब कर फटकार लगा चुका है, जिसके चलते सार्वजनिक कार्यक्रमों में पुलिस अब कोई जोखिम नहीं लेना चाहती।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →