Himachal Pradesh: बिना OTP निकाल लिए 10 लाख, शिमला का 69 वर्षीय बुजुर्ग ठगी का शिकार
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 01 फरवरी 2026 :
राजधानी शिमला में 69 वर्षीय बुजुर्ग के बैंक खाते से अस्पताल में इलाज के दौरान लगभग दस लाख रुपए निकालने का मामला सामने आया है। मामले की शिकायत पीड़ित बुजुर्ग ने पुलिस के पास दर्ज करवाई है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित ने बताया कि न तो उन्होंने किसी को ओटीपी, पिन या पासवर्ड बताया और न ही किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया, इसके बावजूद उनके खाते से बड़ी रकम गायब हो गई। गौर हो कि प्रदेश में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और इसका शिकार बुजुर्ग नागरिक ज्यादा हो रहे हैं।
ठगी का शिकार हुए सुन्नी के मूल निवासी 69 वर्षीय बुजुर्ग वर्तमान में उपनगर संजौली में रह रहे हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका एक राष्ट्रीयकृत बैंक में खाता है। तीन जनवरी को वह अस्पताल में थे और इसी दौरान उनके बैंक के खाते से दो बार में पैसे निकाल लिए गए।
पहली बार पांच लाख रुपये और दूसरी बार 4.99 लाख रुपये की निकासी की गई। शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब वह अस्पताल में इलाज करवा रहे थे, उस समय उन्होंने किसी तरह का कोई ऑनलाइन लेन-देन नहीं किया। न ही उन्होंने किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ बैंक से जुड़ी कोई जानकारी साझा की।
बाद में उनके पास एक अनजान मोबाइल नंबर से कॉल भी आई, लेकिन उस कॉल से पहले ही खाते से पैसे निकल चुके थे। जब उन्हें बैंक खाते से पैसे निकलने की जानकारी मिली तो वे हैरान रह गए। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने तुरंत अपने बैंक से संपर्क किया और मामले की जानकारी ली, लेकिन तब तक रकम निकल चुकी थी।
इसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क कर पूरी घटना की शिकायत दर्ज करवाई। वहीं, पुलिस ने इस संबंध में पुलिस थाना छोटा शिमला में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →