Himachal Pradesh: BPL सर्वेक्षण का चौथा चरण आज से, जानें आप पात्र हैं या नहीं
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को दिए निर्देश
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 01 फरवरी 2026 : मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अधिकारियों को बीपीएल परिवारों की पहचान के लिए सर्वेक्षण का चौथा चरण पहली फरवरी से शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को यहां ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को बीपीएल परिवारों की पहचान के लिए सर्वेक्षण का चौथा चरण पहली फरवरी से शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का हर पात्र गरीब परिवार का नाम बीपीएल सूची में शामिल करने का उद्देश्य है, ताकि उन्हें सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
यह सर्वेक्षण पांच चरणों में किया जाएगा, ताकि कोई भी जरूरतमंद परिवार छूट न जाए। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के पहले तीन चरणों में प्रदेश भर में कुल 59,829 परिवारों को बीपीएल सूची में शामिल किया गया है। जिलेवार आंकड़ों के अनुसार बिलासपुर में 2,204, चंबा में 13,786, हमीरपुर में 3,480, कांगड़ा में 10,807, किन्नौर में 1,109, कुल्लू में 2,957, लाहुल-स्पीति में 206, मंडी में 12,045, शिमला में 4,522, सिरमौर में 1,277, सोलन में 1,567 और ऊना में 5,869 परिवारों को बीपीएल घोषित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बीपीएल सूची में शामिल करने के लिए कुछ मुख्य पात्रता शर्तें भी निर्धारित की हैं, जिन परिवारों में 27 वर्ष तक के अनाथ बच्चे, 59 वर्ष से अधिक उम्र के सदस्य, या 27 से 59 वर्ष की आयु के दिव्यांग सदस्य हैं, वे इसमें शामिल होंगे। बाकी नियम पूर्ववत होंगे। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →