UNION BUDGET: निर्मला सीतारमण आज पेश करेंगी बजट, पढ़ें क्या-क्या हो सकता है सस्ता
नई दिल्ली, 01 फरवरी,2026ः वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज यानि 1 फरवरी को लगातार नौवां बजट पेश कर देश के संसदीय इतिहास में एक नया रिकॉर्ड दर्ज करेंगी। वह सुबह 11 बजे संसद के केंद्रीय हॉल में 80वां केंद्रीय बजट 2026 पेश करेंगी। यह दूसरी बार है, जब कोई वित्त मंत्री रविवार को केंद्रीय बजट पेश कर रही हैं। इससे पहले यशवंत सिन्हा ने 28 फरवरी, 1999 (रविवार) को बजट पेश किया था।
इस बजट में विकास की गति बनाए रखने, राजकोषीय अनुशासन को बरकरार रखने, विनिर्माण क्षेत्र और रोजगार को बढ़ावा देने के उपायों को शामिल किए जाने की उम्मीद है। मोदी सरकार के इस बजट 2026 से लोगों की काफी उम्मीदें हैं। करदाताओं, किसानों, युवाओं और निवेशक सभी को बड़े एलानों का इंतजार है। आर्थिक सर्वे 2025-26 के अनुसार भारत की FY27 वृद्धि 6.8% से 7.2% के बीच रह सकती है।
कयास हैं कि नौकरीपेशा लोगों के लिए 13 लाख की इनकम टैक्स फ्री हो सकती है। वहीं, इम्पोर्ट ड्यूटी घटने से सोने-चांदी की कीमतें घट सकती हैं।
आज आपकी थाली की सब्जी से लेकर आपके हाथ के स्मार्टफोन तक, ज्यादातर चीजों के दाम GST काउंसिल तय करती है, न कि वित्त मंत्री। बजट में तो बस इम्पोर्ट ड्यूटी के घटने-बढ़ने से कुछ सामान ऊपर-नीचे होते हैं। इस बार बजट में सोना-चांदी सस्ते हो सकते हैं।
सरकार सोना-चांदी पर लगने वाली बेसिक कस्टम ड्यूटी को 6% से घटाकर 4% कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो सोना प्रति 10 ग्राम करीब 3 हजार रुपए और चांदी 6 हजार रुपए सस्ती हो सकती है।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →