Himachal Weather Update; हिमाचल प्रदेश में गर्मी का कहर: सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज, कई जिलों में लू का प्रकोप
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 10 जून 2025 : हिमाचल प्रदेश इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। सोमवार को राज्य में सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया।
हमीरपुर के नेरी में तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे अधिक रहा। ऊना में 42.4, कांगड़ा में 40.4 और बिलासपुर में 40.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। चार जिलों में पारा 40 डिग्री से ऊपर चला गया। मैदानी इलाकों में तेज लू चली, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी लू की चेतावनी जारी की है।
12 जून तक तेज धूप, तापमान और बढ़ने की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 12 जून तक राज्य में मौसम साफ और धूप खिली रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, 13 से 15 जून के बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
राजधानी शिमला में भी गर्मी ने दस्तक दी है। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री तक पहुंच गया। पहाड़ी इलाकों में लोग धूप से बचने के लिए छाता और महिलाओं को चुनरी लेकर चलते देखा गया।
ताबो में शिमला से ज्यादा तापमान, केलांग भी गर्म
किन्नौर जिले के ठंडे रेगिस्तान के रूप में प्रसिद्ध ताबो में सोमवार को तापमान 29.2 डिग्री रहा, जो शिमला से अधिक है। वहीं, केलांग में भी अधिकतम तापमान 26 डिग्री तक पहुंच गया। यह क्षेत्र आमतौर पर सर्दियों में सबसे ठंडे रहते हैं, लेकिन इन दिनों गर्मी से झुलस रहे हैं।
प्रदेश के अन्य प्रमुख स्थानों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में):
मंडी: 39.4
बरठीं: 38.7
धौलाकुआं: 38.3
चंबा: 35.9
एनसीसी शिविर में गर्मी से बिगड़ी छात्राओं की तबीयत
ऊना जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय पेखुबेला में चल रहे एनसीसी शिविर के दौरान सोमवार को गर्मी के कारण 14 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। इनमें से कुछ कैडेट्स बेहोश हो गईं। उन्हें तत्काल क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने डिहाइड्रेशन को इसकी वजह बताया।
शिविर में दौड़ शुरू होते ही कई छात्राएं चक्कर, उल्टी और कमजोरी की शिकायत करने लगीं। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद अधिकतर को छुट्टी दे दी गई, जबकि एक कैडेट का इलाज अब भी जारी है। शिविर में राज्यभर के स्कूल और कॉलेजों से लगभग 500 कैडेट्स भाग ले रहे हैं।
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. विकास चौहान ने सलाह दी है कि गर्मी में कैडेट्स को स्वच्छ पानी का पर्याप्त सेवन और संतुलित आहार लेना चाहिए, ताकि डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से बचा जा सके।
(SBP)
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →