हरियाणा में भीषण गर्मी का कहर, लू के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी — 14 जून से मिल सकती है राहत
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 10 जून 2025: हरियाणा में मानसून से पहले गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पिछले तीन दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है और लू का कहर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और रोहतक जिलों में भीषण गर्मी और गर्म हवाओं के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में दिन-रात गर्म हवाएं चल रही हैं, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
राज्य में सिरसा सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 46.4°C दर्ज किया गया। वहीं रोहतक में 45.6°C और अन्य कई जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। मौसम विभाग का कहना है कि 13 जून तक हरियाणा में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
अगले 4 दिन का मौसम अलर्ट:
10 जून: सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक में ऑरेंज अलर्ट। शेष जिलों में यलो अलर्ट।
11 जून: यही पांच जिले फिर ऑरेंज अलर्ट पर, बाकी में यलो अलर्ट।
12 जून: 15 जिलों में यलो अलर्ट, बाकी में मौसम सामान्य।
13 जून: 10 जिलों में यलो अलर्ट, अन्य में मौसम साफ रहने की संभावना।
14 जून से मिल सकती है राहत:
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 14 जून से हवाओं का रुख बदलने की संभावना है। उत्तर-पूर्वी हवाएं नमी लेकर आएंगी, जिससे वातावरण में ठंडक बढ़ेगी और आंशिक बादल छा सकते हैं। यह मानसून के आगमन का संकेत भी हो सकता है।
लू से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां:
दिन में धूप में निकलने से बचें
अधिक पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेट रखें
हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें
बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें
चंडीगढ़ मौसम केंद्र के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल ने बताया कि पंजाब और हरियाणा में अगले 48 घंटे तक हीटवेव का प्रभाव रहेगा और तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर भी जा सकता है।
हरियाणा के लोग इस कठिन मौसम से जूझ रहे हैं, लेकिन उम्मीद है कि 14 जून से मौसम में बदलाव राहत लेकर आएगा। तब तक, मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करना ही एकमात्र उपाय है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →