नगर निगम फरीदाबाद में 5 करोड़ रुपये के गबन मामले में एसीबी ने 11 अधिकारियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 10 जून 2025: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) फरीदाबाद ने 5 करोड़ रुपये की सरकारी राशि के गबन के मामले में नगर निगम फरीदाबाद के 11 तत्कालीन अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। यह चार्जशीट आज 10 जून को न्यायालय फरीदाबाद में दाखिल की गई।
चार्जशीट में नामजद आरोपी हैं:
-
हरगुलाल – तत्कालीन रेजिडेंट सीनियर ऑडिटर
-
विशाल कौशिक – तत्कालीन लेखा अधिकारी
-
रमन शर्मा – तत्कालीन कार्यकारी अभियंता
-
दीपक कुमार – तत्कालीन सहायक कनिष्ठ अभियंता
-
पंकज कुमार – तत्कालीन लिपिक
-
प्रदीप कुमार – तत्कालीन लिपिक
-
दीपक थापर – तत्कालीन संयुक्त आयुक्त (ऑडिट)
-
सतीश कुमार – तत्कालीन लेखा शाखा अधिकारी
-
शशि आर्य – तत्कालीन अधीक्षक, लेखा शाखा
-
सीमा भाटिया – तत्कालीन अधीक्षक, लेखा शाखा
-
नवीन यादव – तत्कालीन रेजिडेंट सीनियर ऑडिटर
इन पर भारतीय दंड संहिता की धाराएं 120बी, 166, 167, 201, 420, 467, 468, 471 तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराएं 7, 8, 13(1)(डी) सहपठित 13(2) के तहत आरोप तय किए गए हैं।
गबन का मामला
वर्ष 2017-18 में नगर निगम फरीदाबाद के इन अधिकारियों ने ठेकेदार सतबीर सिंह की फर्मों के साथ मिलीभगत कर बल्लभगढ़ के वार्ड नंबर 34 से 40 तक विभिन्न निर्माण कार्यों – जैसे इंटरलॉकिंग टाइल्स, स्टोन मेटल की सप्लाई, नालियों की मरम्मत और पुलियों के निर्माण – के नाम पर 112 फर्जी बिल तैयार कर सरकारी खजाने से लगभग 5 करोड़ रुपये की फर्जी निकासी की।
इस मामले में पहले से ही अभियोग संख्या 13 दिनांक 19 अप्रैल 2022 को थाना एसीबी, फरीदाबाद में भ्रष्टाचार संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया था।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार, अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच अभी जारी है और आवश्यक साक्ष्य मिलने के बाद उनके खिलाफ भी बीएनएसएस 2023 की धारा 193(9) के तहत अलग से चालान दाखिल किया जाएगा।
यह कार्रवाई सरकारी धन की हेराफेरी के विरुद्ध कड़ा संदेश देती है और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →