मोदी सरकार का कार्यकाल इतिहास के स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा : कृष्णपाल गुर्जर
विश्व में मोदी का डंका बज रहा है और कांग्रेस की बैंड बज रही है : कृष्णपाल गुर्जर
*मोदी सरकार का यह कालखंड भारत के भविष्य के लिए एक मजबूत नींव रखने का कार्यकाल : कृष्णपाल गुर्जर*
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 11 जून। केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि देश के इतिहास में मोदी सरकार का यह कार्यकाल स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यकाल ’विकसित भारत’ और ’आत्मनिर्भर भारत’ के “संकल्प की सिद्धि“ का स्वर्णिम काल बन रहा है। प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा करते हुए गुर्जर ने कहा कि कुर्सी वही है, सिर्फ व्यक्ति बदला है जिसने देश को बदला है। विश्व में पीएम मोदी के नाम का डंका बज रहा है और कांग्रेस की बैंड बज रही है। श्री गुर्जर बुधवार को अंबाला में मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। केंद्रीय मंत्री ने मोदी सरकार की 11 साल की उपलब्धियां गिनवाई वहीं कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। प्रेसवार्ता के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, जिला अध्यक्ष अंबाला मनदीप राणा, पूर्व विधायक पवन सैनी, भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी नवीन गर्ग, मेयर शैलजा संदीप सचदेवा, पूर्व जिला अध्यक्ष जगमोहन लाल कुमार, डॉ. संजय शर्मा आदि मौजूद रहे।
कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के पास पांच साल का नहीं, बल्कि पचास साल का विजन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों में देश भक्ति की भावना को जगाया है। पीएम मोदी ने इन 11 वर्षों में परिश्रम से परिकाष्ठा का मिसाल दी है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने अकेले नहीं, बल्कि खुद को तपा कर 140 करोड़ देशवासियों के परिश्रम, त्याग और सपनों को साकार किया है। मोदी सरकार का यह कालखंड भारत के भविष्य के लिए एक मजबूत नींव रखने का कार्यकाल है।
गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नए भारत की सोच में जहां तकनीक है, वहीं तरक्की निहित है। उन्होंने कहा कि जहां भाजपा सरकार है, वहां गरीब का कल्याण है। मोदी सरकार देश की राजनीति में पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस लेकर आई है। 2014 से पहले के भारत में भ्रष्टाचार, घोटालों और तुष्टिकरण की ही बात सामने आती थी, लेकिन अब विकास, अविष्कार और नवाचार की बातें हो रही हैं। कांग्रेस की सरकार में सरकारी योजनाओं के पैसे लोगों तक नहीं पहुँचते थे, बिचौलिये खा जाते थे, लेकिन अब पैसा सीधे जनता के अकाउंट में पहुँच रहे हैं। आयुष्मान भारत योजना से गरीबों का मुफ्त इलाज हो रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पहले हम इम्पोर्ट पर आश्रित थे, आज मेक इन इंडिया की ताकत से एक्सपोर्ट में लीड कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश सशक्त निर्णय लेने में सक्षम हो रहा है। ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य मिशन नहीं है, यह हमारे संकल्प, साहस और बदलते भारत की तस्वीर है। पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में रक्षा क्षेत्र में भी भारत आत्मनिर्भर बन रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के राज में इंदिरा से लेकर मनमोहन तक सिर्फ गरीबी हटाओ के नारे दिए जाते थे, लेकिन अब आंकड़े बताते हैं कि मोदी सरकार में 27 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी रेखा से बाहर आ गए हैं। केन्द्र सरकार की योजनाओं में गरीब केन्द्र बिन्दु है। पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, पीएम आवास, जल जीवन मिशन, पीएम जनधन योजना, आयुष्मान भारत, पीएम किसान सम्मान निधि आदि अनेक योजनाओं के माध्यम से गरीबों का कल्याण हो रहा है।
श्री गुर्जर ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में घोटालों का अँधेरा दूर हुआ है और सुशासन का प्रकाश फैल रहा है। ये 11 साल हमारी महान संस्कृति के पुनरुद्धार और धार्मिक जागरण के रहे हैं। इन 11 सालों में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाना, तीन तलाक खत्म करना, जीएसटी लागू करना, वक्फ बिल जैसे सख्त निर्णय लिए गये है।
कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि हरियाणा की नायब सरकार मोदी सरकार के दिशा निर्देशों पर जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चिरायु-आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना के दायरे का विस्तार कर किया है। भाजपा सरकार ने वृद्धावस्था सम्मान भत्ता तीन गुना बढ़ाकर 2024 में 3,000 रुपये प्रति माह कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा किसान हितैषी सरकार है। अन्नदाताओं को डीबीटी द्वारा आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है। प्रदेश में 79 सरकारी कॉलेज खोले गए हैं, जिनमें से 32 विशेष रूप से लड़कियों के लिए हैं और अब 20 किलोमीटर के दायरे में एक कॉलेज है। साथ ही 13 नये विश्वविद्यालय भी स्थापित किए गए।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रदेश में ’हर घर-हर गृहिणी योजना’ के तहत 13 लाख परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जा रहा है। हरियाणा देश में 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने वाला पहला राज्य बना है। बिना पर्ची और बिना खर्ची के युवाओं को सरकारी नौकरियां भाजपा शासन में ही मिलना संभव हुआ है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →