IPL 2026: HPCA :आईपीएल के इतिहास में धर्मशाला में पहली बार होगी प्लेऑफ की जंग, आरसीबी-गुजरात में मुकाबला
बाबूशाही ब्यूरो
धर्मशाला: 26 मई 2026 :
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में मंगलवार की शाम इतिहास के पन्नों में दर्ज होने जा रही है। 16 साल के आईपीएल इतिहास में पहली बार यह खूबसूरत मैदान किसी प्लेऑफ मुकाबले की मेजबानी करेगा।
आईपीएल 2026 के क्वालीफायर-1 में पिछले साल की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस (जीटी) आमने-सामने होंगी। क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि धौलाधार की पहाड़ियों की गोद में सजे क्रिकेट के सबसे बड़े रोमांच का उत्सव होगा। शाम 7:30 बजे शुरू होने वाले इस मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह है। लीग चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए आरसीबी 18 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर रही।
बेहतर नेट रन रेट के दम पर बेंगलुरु ने पहला स्थान हासिल किया। दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस भी 18 अंक लेकर दूसरे स्थान पर रही और पूरे सीजन में बेहद संतुलित प्रदर्शन किया।
ऐसे में दोनों टीमों के बीच मुकाबला कांटे का माना जा रहा है। इस मैच की विजेता टीम सीधे अहमदाबाद में होने वाले फाइनल में पहुंच जाएगी, जबकि हारने वाली टीम का सफर खत्म नहीं होगा। उसे क्वालीफायर-2 के जरिए खिताबी मुकाबले में जगह बनाने का एक और मौका मिलेगा। साल 2010 में धर्मशाला स्टेडियम को पहली बार आईपीएल मैचों की मेजबानी का मौका मिला था। अब तक यहां 17 मैच हो चुके हैं। प्लेऑफ का रोमांच यहां पहली बार आया है।
धर्मशाला में आरसीबी ने अब तक तीन आईपीएल मुकाबले खेले हैं, इसमें से दो में उसने जीत दर्ज की है। विशेष रूप से 17 मई को खेले गए पिछले मुकाबले में आरसीबी ने पंजाब को 23 रन से हराया था। गुजरात टाइटंस की टीम पहली बार धर्मशाला के मैदान पर इस अहम मुकाबले को खेलने उतरेगी।
दर्शकों के लिए 4:30 बजे खुलेंगे गेट, कई चीजों पर रहेगा प्रतिबंध
धर्मशाला में आईपीएल के फाइनल में जगह बनाने के लिए आज प्लेऑफ का क्वालीफायर-1 मुकाबला खेला जाएगा। इसमें रॉयल चैलेंजर बंगलूरु और गुजरात टाइटंस आमने सामने होंगी। यह मुकाबला जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में प्रवेश करेगी। हारने वाली टीम को क्वालीफायर-2 खेलना होगा। आईपीएल के 19वें सीजन का यह 71वां मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। 22 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता वाले इस स्टेडियम में दर्शक दोपहर बाद 4:30 बजे से प्रवेश कर सकेंगे। दर्शकों को खाने-पहले की चीजों के अलावा दूर से फेंकने वाली चीजों पर प्रतिबंध रहेगा। दर्शकों को कड़ी जांच के बाद ही स्टेडियम में प्रवेश मिलेगा।
मैच में केवल ई टिकट से स्टेडियम में प्रवेश मिलेगा। मैच से पहले ही इस हाई वोल्टेज मुकाबले के लिए स्टैंडों की टिकट लगभग बिक चुके है। सुरक्षा व्यवस्था और यातायात व्यवस्था के लिए 700 से अधिक पुलिस और होम गार्ड के जवान तैनात रहेंगे। स्टेडियम के बाहर और अंदर भीड़ पर नजर रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →