हिमाचल में सर्पदंश से दो सगी बहनों की मौत, 11 और 8 साल थी उम्र, कमरे में बेसुध मिलीं दोनों, देखें विस्तार
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 23 सितंबर 2026 :
चौपाल उपमंडल की नेरवा पंचायत के अंतर्गत दूरदराज टेलर पंचायत से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। उत्तराखंड सीमा पर स्थित टेलर गांव में दो सगी बहनों की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। मृत बच्चियों की पहचान 11 वर्षीया महक और 8 वर्षीया कनक पुत्री जितेंद्र चौहान के रूप में हुई है। 20 सितंबर की सुबह परिजनों ने दोनों बहनों को उनके कमरे में बेसुध अवस्था में पाया था। इस हृदयविदारक घटना से जहां परिजनों पर दु:ख का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं ग्राम पंचायत टेलर सहित पूरा किरण क्षेत्र भी गहरे सदमे में है।
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने दोनों बच्चियों को प्राथमिक उपचार के लिए उत्तराखंड स्थित नजदीकी त्यूणी अस्पताल पहुंचाया। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें त्यूणी रोहड़ू अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार न होने पर दोनों को आईजीएमसी शिमला भेजा गया। वहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद दोनों बच्चियां जिंदगी की जंग हार गईं और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। शिमला में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। तहसीलदार नेरवा कुश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण सांप का काटना माना जा रहा है, लेकिन वास्तविक वजह की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि रिपोर्ट में सर्पदंश से मौत की पुष्टि होती है, तो नियमानुसार पीड़ित परिवार को उचित राहत राशि प्रदान की जाएगी। फिलहाल प्रशासन और परिवार दोनों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →