सांसद जयप्रकाश उर्फ जेपी के विवादित बयान पर कांग्रेस नेत्री श्वेता ढुल ने दी तीखी प्रतिक्रिया
कैथल, 15 सितम्बर 2024---
हिसार से कांग्रेस सांसद जयप्रकाश उर्फ जेपी द्वारा दिए गए विवादित बयान पर कांग्रेस नेत्री श्वेता ढुल ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। श्वेता ढुल ने सोशल मीडिया पर एक कविता साझा करते हुए नारी के अपमान पर जयप्रकाश से माफी की मांग की है। उन्होंने अपनी कविता में कहा कि वह कांग्रेस में थीं, हैं और रहेंगी, लेकिन सांसद द्वारा नारी का अपमान किए जाने पर उन्हें खेद प्रकट करना चाहिए। श्वेता ने आगे लिखा कि वह जयप्रकाश को वोट देंगी, लेकिन इसके लिए सांसद को दाढ़ी कटवाकर, बिंदी, लिपस्टिक और पाउडर लगाकर उनसे वोट मांगने आना पड़ेगा। कविता की अंतिम पंक्तियों में श्वेता ने इसे नारी जाति के अपमान के प्रति अहंकार का जवाब बताया है।
इस तीखी प्रतिक्रिया के बाद कांग्रेस के अंदर इस विवाद को लेकर और चर्चाएं हो सकती हैं।
हरियाणा कांग्रेस के सांसद जयप्रकाश (JP) के विवादित बयान पर विवाद बढ़ता जा रहा है। हरियाणा महिला आयोग ने जयप्रकाश को नोटिस जारी कर उनसे इस बयान पर सफाई मांगी है, जिसमें उन्होंने एक जनसभा के दौरान महिलाओं पर अपमानजनक टिप्पणी की थी। जयप्रकाश के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें वे कह रहे हैं, "अगर लिपस्टिक और पाउडर से नेता बनते हैं तो मुझे भी लगाना चाहिए। मुझे दाढ़ी क्यों रखनी चाहिए?"
महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने इस बयान की कड़ी निंदा की है और जयप्रकाश से जवाब तलब किया है। माना जा रहा है कि यह बयान राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला की करीबी श्वेता ढुल और अनीता ढुल बड़सीकरी को लेकर दिया गया है, जो कलायत विधानसभा सीट से टिकट मांग रही थीं। इस सीट से जयप्रकाश के बेटे विकास सहारण कांग्रेस उम्मीदवार हैं।
इसके बाद ढुल खाप ने इस मामले को लेकर पंचायत बुलाई है, जिसमें इस विवाद पर बड़ा फैसला हो सकता है। ढुल खाप के अंतर्गत कलायत विधानसभा के 6 गांव आते हैं, और इस पंचायत के फैसले का चुनावी माहौल पर असर पड़ सकता है।
नारी तू नारायणी ~
मुझे कमज़ोर समझा,
अपमान किया,
इससे कितना बड़ा तू हुआ ?
कितना चौड़ा तेरा सीना हुआ ?
अभद्रता की पहचान तू,
अहंकार का दूजा नाम तू,
तेरी भी कोई माँ होगी,
किसी #बिंदी वाली ने तो तेरा घर संभाला होगा,
कोई #लिपस्टिक वाली तो तेरे घर में भी होगी,
किसी #पाउडर वाली का कन्यादान डाला होगा,
माँ , पत्नी, बेटी, बहु, पोती. .
क्या ये महिला नहीं ?
क्यों तेरा दिल पिघला नहीं ?
वोट दूंगी तुझको वादा करती हूँ.. शर्त यह है कि दाढ़ी कटा,
बिंदी, लिपस्टिक, पाउडर लगाकर तो आ !!
(#माफ़ी_मांग)
नारी जाति की तरफ से अहंकार को जवाब ?
#श्वेता_ढुल
(मैं कांग्रेस में थी, कांग्रेस में हूँ, कांग्रेस में रहूंगी. नारी के अपमान के खिलाफ).
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →